बलरामपुर/बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम नेहरूनगर और विश्रामनगर के ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के बीचों-बीच बिना वैध अनुमति के बड़े पैमाने पर ईंट निर्माण किया जा रहा है, जिससे प्रदूषण फैल रहा है और लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है।


ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि आरोपी द्वारा हर वर्ष लाखों ईंटों का निर्माण कर अवैध रूप से बिक्री की जाती है। वर्तमान में भी कई ईंट भट्ठे संचालित किए जा रहे हैं, जहां भारी मात्रा में ईंट निर्माण होने से निकलने वाला धुआं और गैस आसपास के लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि कई बार विरोध करने पर संबंधित व्यक्ति द्वारा उन्हें धमकाया गया और झूठे मामलों में फंसाने की बात कही गई। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि बिना प्रशासनिक अनुमति इतने बड़े स्तर पर ईंट निर्माण होना अधिकारियों की मिलीभगत की ओर इशारा करता है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध ईंट भट्ठों पर कार्रवाई की मांग की है।



