अंबिकापुर। प्रदेश RTI अध्यक्ष हिमांशु जायसवाल के मार्गदर्शन में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, अंबिकापुर इकाई के अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता एवं उपाध्यक्ष गौतम गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ राज्य विधिक परिषद, बिलासपुर के अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर शासकीय राजीव गांधी पीजी कॉलेज, अंबिकापुर में संचालित एलएलबी पाठ्यक्रम की सीटें पूर्व की भांति 120 से बढ़ाकर 240 किए जाने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि राजीव गांधी पीजी कॉलेज सरगुजा संभाग का प्रमुख विधि महाविद्यालय है, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एलएलबी में प्रवेश के लिए आवेदन करते हैं। वर्तमान में सीटों की संख्या केवल 120 होने के कारण अनेक योग्य एवं इच्छुक विद्यार्थी प्रवेश से वंचित रह जाते हैं। पहले महाविद्यालय में 240 सीटें स्वीकृत थीं, जिससे अधिक विद्यार्थियों को विधि शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलता था।

NSUI पदाधिकारियों ने कहा कि सरगुजा संभाग के पाँच जिलों के विद्यार्थियों के लिए यह प्रमुख लॉ कॉलेज है। ऐसे में दूर-दराज़ के छात्रों के लिए अन्य शहरों में जाकर अध्ययन करना आर्थिक एवं सामाजिक दृष्टि से कठिन होता है। विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए एलएलबी की सीटें पुनः 240 किए जाने की आवश्यकता है।
NSUI ने छत्तीसगढ़ राज्य विधिक परिषद से छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि सरगुजा संभाग एवं आसपास के जिलों के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को विधि शिक्षा का लाभ मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संजर नवाज़, पृथ्वी नायक, काश्मीर पटेल, अमन, अभिषेक, प्रिंस सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



