राष्ट्रीय स्तर के टॉप-10 विद्यालयों में शामिल होकर कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय रजपुरीकला लखनपुर ने रचा इतिहास, शिक्षिका एवं छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर पर किया गया सम्मानित
अंबिकापुर
28 सितंबर 2026। कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक के मार्गदर्शन तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत एवं जिला परियोजना संचालक, समग्र शिक्षा के सतत निर्देशन के फलस्वरूप सरगुजा जिले की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। सेंटर फॉर एनवायरमेंट एजुकेशन (Centre for Environment Education) और एचसीएल फाउंडेशन (HCL Foundation) के संयुक्त तत्वावधान में संचालित जनरेशन फॉर क्लाइमेट एक्शन (GenCAN) कार्यक्रम के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (KGBV) रजपुरीकला लखनपुर , जिला सरगुजा ने राष्ट्रीय स्तर के टॉप-10 विद्यालयों में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
राष्ट्रीय स्तर की GenCAN टीम द्वारा किए गए सूक्ष्म निरीक्षण के बाद विद्यालय को इस प्रतिष्ठित उपलब्धि के लिए चयनित किया गया। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में नई दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय कैंप सह सम्मान समारोह में सरगुजा जिले की टीम को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। 26 से 28 सितंबर 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में सरगुजा जिले के जिला मिशन समन्वयक श्री सर्वजीत पाठक, विद्यालय की अधीक्षिका श्रीमती अनुराधा सिंह, मेंटर शिक्षकों एवं छात्र लीडर्स को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में यूनेस्को क्षेत्रीय कार्यालय भारत (UNESCO Regional Office, India) से सुश्री गायत्री तथा एचसीएल फाउंडेशन के प्रमुख डॉ. शांतनु बसु विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके कर-कमलों द्वारा जिला मिशन समन्वयक श्री सर्वजीत पाठक एवं कस्तूरबा की विजेता टीम को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस भव्य समारोह में देशभर से आए पर्यावरण विशेषज्ञों एवं 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। गरिमामयी मंच पर विद्यालय की मेंटर शिक्षिका सुश्री दीप्ति वर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर ‘बेस्ट शिक्षिका’ तथा छात्र लीडर कु. वंदना एक्का को ‘बेस्ट स्टूडेंट’ के विशेष राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया।
इन दोनों के साथ ही मेंटर शिक्षिका सुश्री अनुराधा सिंह तथा छात्र लीडर्स वंदना एक्का, प्रिया लकड़ा, दीपिका लकड़ा, स्वाति सिंह, अस्मिता एक्का और रागिनी सिंह कुरुम को भी राष्ट्रीय स्तर पर उनके उत्कृष्ट एवं अद्वितीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
विद्यालय की छात्राओं और शिक्षकों ने GenCAN कार्यक्रम के अंतर्गत जलवायु संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, विद्युत संरक्षण एवं परिवहन तथा खाद्य सुरक्षा जैसी कई महत्वपूर्ण और जटिल चुनौतियों पर कार्य करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। इन विषयों पर विद्यालय स्तर पर किए गए प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली और इसी के परिणामस्वरूप कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय रघुनाथपुर को राष्ट्रीय स्तर के टॉप-10 विद्यालयों में स्थान प्राप्त हुआ।
सरगुजा जिले के लिए यह उपलब्धि विशेष गौरव का विषय है। विद्यालय की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों सहित समस्त शिक्षा विभाग ने हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यालय की छात्राओं, शिक्षकों एवं पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।



