रायपुर। हज 2027 के लिए मेहरम कोटे के अंतर्गत महिला हज आवेदिकाओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। हज कमेटी ऑफ इंडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार ऐसी महिला हज आवेदिकाएं, जिनका मेहरम के अंतर्गत हज के लिए चयन हो चुका है और किसी कारणवश समय पर आवेदन नहीं कर सकी हैं, वे 07 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन (राज्यमंत्री दर्जा) मिर्ज़ा एजाज़ बेग ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई के सर्कुलर क्रमांक 14 से प्राप्त सूचना के अनुसार हज 2027 के लिए मेहरम कोटे में महिला हज आवेदिकाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
ऐसी आवेदिकाएं, जिन्होंने पूर्व में हज नहीं किया है, वे भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के लिए आवेदिका के पास 31 दिसंबर 2027 तक वैध पासपोर्ट होना अनिवार्य है।
मेहरम कोटे के अंतर्गत आवेदन करने की नियमावली एवं विस्तृत जानकारी हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट के सर्कुलर-14 में उपलब्ध है।
अधिक जानकारी के लिए कार्यालय छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी, खुर्जी बाड़ा, बैरन बाजार, रायपुर से संपर्क किया जा सकता है।



