नवागढ़। नगर के शंकर नगर में आशीष जैन के निवास के सामने एक गौ माता गंभीर एवं अस्वस्थ अवस्था में पड़ी हुई दिखाई दी। गौ माता की स्थिति को देखते हुए रुद्र सेना जिलाध्यक्ष आशीष जैन ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए पशु चिकित्सा विभाग के डॉक्टर से संपर्क कर उपचार की व्यवस्था कराई।
सूचना मिलते ही वेटरनरी डॉक्टर श्री मारकंडे साहू तत्काल मौके पर पहुंचे और गौ माता की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक इंजेक्शन एवं ड्रिप (बोतल) लगाकर उपचार प्रारंभ किया। उपचार के बाद गौ माता की स्थिति में कुछ सुधार देखने को मिला।
इसके पश्चात आशीष जैन ने गौ सेवक श्री रमेश यादव को भी मौके पर बुलाया। रमेश यादव सहित उपस्थित सभी सहयोगियों ने गौ माता की सेवा एवं देखभाल में अपना सहयोग प्रदान किया।
चिकित्सक के अनुसार गौ माता को पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर अपने पैरों पर चलने की स्थिति में आने में लगभग 4–5 दिन तक लगातार उपचार एवं देखभाल की आवश्यकता होगी। इस दौरान नियमित रूप से उसका उपचार और सेवा जारी रखा जाएगा।
आशीष जैन ने कहा कि गौ माता की सेवा केवल हमारा कर्तव्य ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं का भी प्रतीक है। असहाय अवस्था में किसी भी जीव को देखकर उसकी सहायता करना हम सभी की जिम्मेदारी है।



