अंबिकापुर। भारत की पहली प्रोफेशनल कॉर्फ़बॉल प्रीमियर लीग (KPL) में सरगुजा की बेटी प्रज्ञा मिश्रा अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। प्रज्ञा तेलुगू लीजेंड्स टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। देश के साथ ही विदेशों से आए खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली इस बड़ी प्रतियोगिता में सरगुजा की बेटी को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलना पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है।
KPL के पहले सीजन में 8 फ्रेंचाइज़ी टीमें हिस्सा ले रही हैं और 112 खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल हैं। इनमें बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो 20 से अधिक देशों से पहुंचे हैं। ऑस्ट्रेलिया, मलेशिया सहित कई देशों के खिलाड़ियों के साथ प्रज्ञा का इस बड़े मंच पर खेलना सरगुजा के लिए विशेष उपलब्धि है।
देश-दुनिया के दर्शक देख रहे प्रज्ञा का खेल
कॉर्फ़बॉल प्रीमियर लीग को इस बार बड़ा प्रसारण मंच मिला है। मैच Star Sports(khelo) और JioHotstar पर लाइव की जा रही है। खेल प्रेमी शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक सरगुजा की बेटी प्रज्ञा मिश्रा को बड़े मंच पर खेलते हुए लाइव देख सकते हैं। देश-विदेश के खिलाड़ियों के बीच प्रज्ञा का प्रदर्शन सरगुजा के खेल प्रेमियों के लिए भी खास आकर्षण बना हुआ है।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि कॉर्फ़बॉल भारत में 1979 में आया और 1980 में भारत अंतरराष्ट्रीय कॉर्फ़बॉल महासंघ से जुड़ा। आज इसी खेल की प्रोफेशनल लीग में सरगुजा की बेटी प्रज्ञा मिश्रा का प्रतिनिधित्व करना जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े मंच पर प्रज्ञा का खेलना सरगुजा के अन्य खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
प्रज्ञा मिश्रा की इस उपलब्धि एवं शानदार प्रदर्शन पर सरगुजा जिला कॉर्फ़बॉल संघ एवं सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के समस्त पदाधिकारियों तथा खेल प्रेमियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
सरगुजा की बेटी का देश के बड़े खेल मंच पर पहुंचना जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए निश्चित रूप से एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है।



