नगदी 1.37 लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त, दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
राजधानी रिपोर्टर | सौरभ साहू की रिपोर्ट
दिनांक 11/10/2026,
लोकेशन: सूरजपुर, छत्तीसगढ़
सूरजपुर। बैंक से नकदी निकालकर घर लौटने की तैयारी कर रहे एक व्यक्ति को उठाईगिरी का शिकार बनाने वाले आरोपियों पर प्रतापपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 लाख 37 हजार रुपये नगद और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है। वहीं, मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मानपुर खड़गवां निवासी रामसेवक गुप्ता ने थाना प्रतापपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 सितंबर 2026 को वह अपनी स्कूटी से प्रतापपुर आया था। यहां सहकारी बैंक और स्टेट बैंक से कुल 2 लाख रुपये निकालकर प्लास्टिक के झोले में रखे थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी रुपये लेकर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 280/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
*सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस*
मामले की जांच के दौरान प्रतापपुर पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी संसाधनों सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज की। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी के लिए रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने बतौली क्षेत्र में दबिश देकर दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान संतोष कुमार मीणा उर्फ मोनू नट (25 वर्ष), निवासी झक्कड़पुर, स्कूलपारा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर तथा रोहित यादव (34 वर्ष), निवासी जुरावगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार, बिहार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने उठाईगिरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 14 MW 3648 की सीट के नीचे छिपाए गए एक लाख रुपये तथा सफेद गमछे में रखे 37 हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने कुल 1 लाख 37 हजार रुपये नगद और मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
*दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी*
इस मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दिनेश पुरैना सहित पुलिस टीम ने की।
इस मामले हम अपने न्यूज़ के माध्यम से आपसभी आमजनता को आगाह करते हैं कि,बैंक से बड़ी रकम निकालने के बाद सतर्क रहना जरूरी है। नकदी की सुरक्षा के लिए सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।।



