जशपुर/केराडीह:-
सर्व धर्म युवा समिति केराडीह के तत्वावधान में आयोजित पंचायत स्तरीय नॉकआउट फुटबॉल प्रतियोगिता का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में भेलवां (फरसाबहार) और लोधमा की टीमों के बीच रोमांचक मैच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए भेलवां (फरसाबहार) की टीम ने जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया।

डीएसपी ने युवाओं को साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा का दिया संदेश:-
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि ट्रैफिक प्रभारी डीएसपी जशपुर कुंज राम चौहान ने अपने उद्बोधन में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने, युवाओं को नशे से दूर रहने तथा सड़क सुरक्षा के तहत हेलमेट पहनने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, जागरूकता और जिम्मेदारी के साथ समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
विजेता टीम को 51 हजार और उपविजेता को 25 हजार रुपये का पुरस्कार:-
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया। विजेता भेलवां (फरसाबहार) की टीम को 51,000 रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई, वहीं उपविजेता लोधमा की टीम को 25,000 रुपये नगद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
समिति के अध्यक्ष जुनैद खान ने बताया कि इस प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में फुटबॉल खेल को बढ़ावा देना, युवाओं में खेल भावना विकसित करना तथा आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से क्षेत्र के खेल प्रेमियों एवं युवाओं में उत्साह का माहौल रहा।
सर्व धर्म युवा समिति केराडीह ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, सहयोगकर्ताओं एवं समस्त क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने और खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।



