*भागवत कथा के श्रवण से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है – किशोरी नेहा तिवारी*
अंबिकापुर/लुण्ड्रा – भागवत कथा समिति लुण्ड्रा के द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ 11 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2026 तक छत्रपति शिवाजी स्टेडियम लुण्ड्रा जिला सरगुजा में होने जा रहा है ,आज उसकी राष्ट्रीय कथा वाचिका पूज्य किशोरी नेहा तिवारी जी एवं उनकी पूरी टीम अंबिकापुर पहुंची। इस अवसर पर गांधी चौक अंबिकापुर दुर्गा मंदिर में सुंडी समाज सरगुजा के द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सुंडी महिला समिति एवं समाज के बहुत सारे लोग उपस्थित थे। इस अवसर पर किशोरी नेहा तिवारी जी ने कहा कि सरगुजा की पावन धरा पर मेरा पूर्व में भी आगमन हो चुका है और मुझे यहां खूब सम्मान मिलता है । एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि वर्तमान परिवेश में भागवत कथा सुनना बहुत जरूरी है, क्योंकि इससे जीवन में सुख शांति और समृद्धि आती है। जीवन के आपाधापी में इस समय लोग संयम खो रहे हैं जिससे अपराध बढ़ रहा है और ऐसे समय में भागवत कथा सुनना बहुत लाभप्रद है।
सर्व विदित है की श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ 11 से 17 अक्टूबर 2026 तक होना है, इस भागवत कथा में श्रीमती बृजनिया मिंज एवं विधायक लुण्ड्रा माननीय प्रबोध मिंज जी संरक्षक हैं। यह कार्यक्रम 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा, 18 अक्टूबर के महा भंडारा के साथ यह भव्य और ऐतिहासिक भागवत कथा का समापन होगा। भागवत कथा समिति के सदस्यों के द्वारा देवतुल्य गणमान्य जनों से निवेदन किया गया है कि अधिक से अधिक संख्या में आकर इस कथा का श्रवण करें और भागवत कथा के ज्ञान को जीवन में अपनाएं।



