बलरामपुर-रामानुजगंज। चौकी बलंगी, थाना रघुनाथनगर पुलिस ने मवेशी तस्करी के मामले में फरार चल रहे 12वें आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस द्वारा पूर्व में 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 26/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(1)(2), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामला 19 मार्च 2026 का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहनों में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर बलंगी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वाहनों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ वाहन चालक वाहन लेकर भागने लगे, जिनका पीछा कर वाहनों को पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान मवेशियों से भरे पिकअप वाहन जब्त किए गए थे।
विवेचना के दौरान मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर पूर्व में 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि एक आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
फरार आरोपी मो. मुस्ताज उर्फ बब्बू, पिता सिराजुद्दीन, उम्र 36 वर्ष, निवासी उमरहर, थाना जियावन, वर्तमान पता हरी बिर्ती, जिला सिंगरौली (मध्यप्रदेश) की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम ने उसे 22 सितंबर 2026 को सिंगरौली, मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना में अपने पिकअप वाहन के शामिल होने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
बलंगी पुलिस की इस कार्रवाई से मवेशी तस्करी के मामले में फरार चल रहे सभी आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।



