बलरामपुर कुसमी
कुसमी:- प्रशासन और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में प्रेस क्लब कुसमी ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए विभिन्न शासकीय विभागों को अपनी नवीन कार्यकारिणी एवं सदस्यों की सूची सौंपी। इस पहल का उद्देश्य विभागीय अधिकारियों को प्रेस क्लब की नई टीम से अवगत कराना तथा सूचना के आदान-प्रदान को अधिक प्रभावी और सुगम बनाना है।
प्रेस क्लब कुसमी के प्रतिनिधिमंडल ने मनरेगा विभाग, वन परिक्षेत्र कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंचकर पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सूची संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराई। इस दौरान अधिकारियों से संगठन की भूमिका एवं जनहित के मुद्दों पर पत्रकारों की सक्रिय भागीदारी को लेकर भी चर्चा की गई।
प्रेस क्लब कुसमी के अध्यक्ष मो. निजाम ने बताया कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और प्रशासन तथा मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से जनहित से जुड़े विषयों का प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा। महासचिव राकेश भारती ने कहा कि प्रेस क्लब का उद्देश्य निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रशासन और पत्रकारों के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करना है।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मो. निजाम, महासचिव राकेश भारती, उपाध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता एवं युसूफ खान, कोषाध्यक्ष फिरदौश आलम, सह-कोषाध्यक्ष सद्दाम खान, कार्यालय प्रभारी जसीम खान, सह-कार्यालय प्रभारी इरशाद तथा कार्यकारिणी सदस्य राहुल गुप्ता और सुहैल आलम उपस्थित रहे।



