:-*चयनित अभ्यर्थी पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर्स के साथ मिलकर जिले में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे*
▶️सरगुजा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग एवं जनजागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से युवाओं एवं जागरूक नागरिकों के लिए विशेष चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इस प्रक्रिया के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं साक्षात्कार आयोजित कर 18 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

▶️साक्षात्कार के दौरान अभ्यर्थियों की संवाद क्षमता, सामाजिक जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता, नेतृत्व क्षमता एवं जनहित कार्यों के प्रति रुचि का मूल्यांकन किया गया। चयन प्रक्रिया में प्रथम स्थान पर भार्गवी द्विवेदी, द्वितीय स्थान पर आस्था गुप्ता एवं तृतीय स्थान पर डिंपल चौधरी रहीं। अन्य सभी चयनित अभ्यर्थियों ने भी साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया तथा समाज के प्रति सकारात्मक सोच एवं सेवा भावना प्रदर्शित की।
▶️चयनित स्वयंसेवक भविष्य में सरगुजा पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सामुदायिक पुलिसिंग, साइबर जागरूकता, महिला सुरक्षा, यातायात जागरूकता, नशा मुक्ति अभियान एवं अन्य सामाजिक जनहित कार्यक्रमों में नि:शुल्क सेवाएं प्रदान करेंगे। इनका उद्देश्य पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा समाज में जागरूकता को बढ़ावा देना रहेगा।
▶️सरगुजा पुलिस वर्ष 2022 से ही सामुदायिक पुलिसिंग के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रही है। वर्ष 2022 में चयनित पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर्स द्वारा पूरे अंबिकापुर क्षेत्र में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाती रही हैं। स्कूल, कॉलेज एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में समय-समय पर साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों, नशा मुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव समाज में देखने को मिला है।
उक्त चयन एवं साक्षात्कार प्रक्रिया नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल बंसल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में अनुज जायसवाल एवं अमन पुरी, व्याख्याता श्री संजय गुप्ता, महिला थाना स्टाफ द्वारा संपन्न की गई। कार्यक्रम में साइबर वॉलंटियर एवं पुलिस मितान अतुल गुप्ता, विक्की गुप्ता, बसंत श्रीवास्तव, अनमोल बारी एवं श्रेयांश तिवारी की सक्रिय भूमिका रही।



