बलरामपुर जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के 620 संविदा कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा दिया है। कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 18 अगस्त से आंदोलन कर रहे हैं। कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बलरामपुर को सौंपे इस्तीफे में कहा कि चुनावी घोषणा पत्र में मोदी की गारंटी के तहत किए वादे पूरे नहीं किए गए।
साथ ही आंदोलनरत कर्मचारियों को बर्खास्तगी की धमकी दी जा रही है। कर्मचारियों ने अब तक अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 160 बार शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रशासन ने आंदोलन के दौरान व्हाट्सएप पर चेतावनी पत्र और बर्खास्तगी के आदेश भेजे।
संवैधानिक अधिकारों के तहत आंदोलन
छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की अपील की है। कर्मचारियों का कहना है कि एक तरफ संवाद की बात होती है। दूसरी तरफ प्रशासन इस प्रक्रिया में बाधा डालता है।
कर्मचारियों ने प्रशासन की कार्रवाई को अनुचित बताया है। उनका कहना है कि वे संवैधानिक अधिकारों के तहत आंदोलन कर रहे हैं। लगातार हो रही उपेक्षा के कारण उन्हें सामूहिक इस्तीफा देना पड़ा है।



