*सूरजपुर/18 अक्टूबर 2026/* नगर पालिका परिषद सूरजपुर द्वारा शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने एवं सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में नगर पालिका की टीम द्वारा पुराना बस स्टैंड परिसर चौपाटी में गंदगी फैलाने वाले 7 दुकानदारों पर जुर्माने की कार्रवाई करते हुए कुल 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
नगर पालिका द्वारा दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा कचरे का उचित निपटान सुनिश्चित करने की समझाइश दी गई। साथ ही सार्वजनिक स्थलों एवं सड़कों पर कचरा नहीं फेंकने तथा स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने के लिए कहा गया।
नगर पालिका प्रशासन ने सभी व्यापारियों एवं नागरिकों से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।




