सूरजपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने गश्त के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम गेतरा में दबिश देकर अवैध शराब का जखीरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि इस मामले में शामिल दूसरा आरोपी मौके से फरार बताया जा रहा है। आबकारी विभाग की टीम फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी उड़नदस्ता की टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि ग्राम गेतरा में अवैध रूप से शराब रखकर उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी। तलाशी के दौरान टीम को महुआ शराब के साथ अंग्रेजी शराब भी मिली। कार्रवाई में कुल 22 लीटर महुआ एवं अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
बताया जा रहा है कि अंग्रेजी शराब मध्यप्रदेश से लाकर क्षेत्र में खपाई जा रही थी। वहीं, आरोपी सुरेश पोर्ते अपने पड़ोसी द्वारा लाई गई शराब को अपने पास रखकर उसकी बिक्री कर रहा था। आबकारी टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सुरेश पोर्ते को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दूसरे आरोपी प्रताप की संलिप्तता सामने आने के बाद उसकी तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर पड़ोसी राज्य से शराब लाकर ग्रामीण क्षेत्रों में किस तरह खपाई जा रही है और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं? ऐसे मामलों में विभाग की सतत निगरानी और प्रभावी कार्रवाई बेहद जरूरी है।
फिलहाल आबकारी विभाग ने जब्त शराब के संबंध में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा फरार आरोपी प्रताप की तलाश जारी है। अब देखना होगा कि जांच के दौरान अवैध शराब की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आते हैं या नहीं।
स्थान – ग्राम गेतरा, जिला सूरजपुर, छत्तीसगढ़।
संवाददाता – सौरभ साहू



