*सारासोर में ग्रामीणों ने मंदिर की सीढ़ियों और पहुंच मार्ग की सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश*
राजधानी रिपोर्टर/सौरभ साहू कि रिपोर्ट,,,
लोकेशन, सूरजपुर छत्तीसगढ़।।
*सूरजपुर/ दिनांक 28 सितम्बर 2026* सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जिले के पर्यटन स्थलों में सामूहिक श्रमदान किया गया। कलेक्टर, रेना जमील के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ, विजेंद्र पाटले के नेतृत्व में आयोजित इस पहल में स्थानीय लोगों ने उत्साह से भाग लिया। हाथों में झाड़ू लेकर पहुंचे लोगों ने सीढ़ियों पर उगी घास और आसपास फैले कचरे की सफाई की। महिलाओं और पुरुषों ने मिलकर मंदिर परिसर तथा पर्यटन स्थल के पहुंच मार्ग को साफ करने में योगदान दिया। इसी क्रम में जनपद पंचायत भैयाथान के पर्यटन स्थल सारासोर में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, आमजनों ने मिलकर सफाई की। श्रीराम जानकी मंदिर तक जाने वाली सीढ़ियों, पहुंच मार्ग और आसपास के परिसर में श्रमदान किया। इस दौरान प्लास्टिक कचरा एकत्र कर स्थल को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।
पहाड़ियों और जलधारा के बीच स्थित सारासोर अपनी प्राकृतिक सुंदरता के कारण लोगों को आकर्षित करता है। यहां आने वाले पर्यटक मंदिर तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों का उपयोग करते हैं। ऐसे में रास्ते और परिसर की सफाई आगंतुकों की सुविधा से भी जुड़ी है। सीढ़ियों पर घास और कचरा जमा होने पर चलने में असुविधा हो सकती है। सामूहिक श्रमदान के जरिए लोगों ने इन स्थानों की नियमित देखभाल का संदेश दिया। पर्यटन स्थल पर छोड़े गए खाने-पीने की वस्तुओं के पैकेट और अन्य प्लास्टिक सामग्री प्राकृतिक वातावरण को प्रभावित करते हैं। हवा और बारिश के साथ यह कचरा आसपास के जलक्षेत्र तक भी पहुंच सकता है। श्रमदान में शामिल लोगों ने आगंतुकों से अपील की है कि वे भ्रमण के दौरान कचरा न फैलाएं और उपयोग की गई सामग्री अपने साथ वापस ले जाएं या निर्धारित स्थान पर डालें और पर्यटन स्थलों की सुंदरता बनाए रखने में स्थानीय समुदाय के साथ सहयोग करें ।



