*पॉक्सो और साइबर सुरक्षा सहित अन्य क़ानूनी प्रावधानों की दी गई जानकारी*
*सूरजपुर/28 सितंबर 2026/* प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर श्री थॉमस एक्का के मार्गदर्शन एवं सचिव सुश्री पायल टोपनो के नेतृत्व में शासकीय आदर्श आदिवासी पोस्ट मैट्रिक बालिका छात्रावास एवं शासकीय अन्य पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालिका छात्रावास सूरजपुर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी श्रीमती अंजली पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कानून की जानकारी को छात्राओं तक सरल भाषा में पहुंचाते हुए श्रीमती अंजली पाण्डेय ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्य एवं उद्देश्यों के साथ पॉक्सो अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने नाबालिग बच्चों के संबंध में कानून द्वारा प्रदान की गई विशेष सुरक्षा, पॉक्सो प्रकरणों की गंभीरता तथा जिले में स्थापित फास्ट ट्रैक कोर्ट की भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं को किसी भी प्रकार के शोषण या अपराध की स्थिति में चुप न रहने और समय पर सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
सोशल मीडिया की दुनिया में सावधानी को सबसे जरूरी बताते हुए न्यायाधीश ने साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, एआई एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फर्जी लिंक, ब्लैकमेलिंग और डिजिटल माध्यम से होने वाले अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैध दस्तावेज रखने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क दुर्घटना के बाद दुर्घटना दावा प्रकरण में मिलने वाली विधिक सहायता एवं मुआवजा प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी। साथ ही नालसा शिक्षा योजना 2026, एसिड अटैक पीड़ितों के लिए विधिक सेवाएं योजना तथा मानव तस्करी एवं वाणिज्यिक यौन शोषण पीड़ितों के लिए विधिक सेवाएं योजना 2015 एवं नालसा द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 15100 की सेवाओं के बारे में बताया गया।
सरल भाषा में मिली कानूनी जानकारी ने छात्राओं की जिज्ञासा बढ़ाई। इस दौरान छात्राओं एवं छात्रावास अधीक्षिकाओं ने पॉक्सो, साइबर अपराध, सोशल मीडिया, सड़क दुर्घटना एवं विधिक सहायता से जुड़े अनेक सवाल पूछे, जिनका श्रीमती अंजली पाण्डेय ने सहज एवं सरल शब्दों में उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में छात्रावास अधीक्षिका पूजा गुप्ता, श्रीमती अनातासिया एक्का, पीएलवी सत्य नारायण एवं पीएलवी उमेश कुमार रजवाड़े उपस्थित रहे।



