अम्बिकापुर/सरगुजा पुलिस एवं सरगुजा जिले के स्वैच्छिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान् में संचालित नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा के द्वारा बाल संप्रेक्षण गृह अम्बिकापुर के किशोर बालकों के व्यवहार परिवर्तन के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा अमोलक सिंह ढिल्लो के गरिममयी उपस्थित में नशामुक्ति, यातायात, व्यवहार परिवर्तन तथा व्यक्तित्व विकास विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने अपने उद्बोधन में कहा कि आप सभी बच्चों को मालूम होगा कि बाल संप्रेक्षण गृह क्यों बनाया गया है?आप सभी अलग-अलग कारणों से यहां पहुंचे हैं।आप सभी को आगे एक बेहतर इंसान बनना होगा। अपराधिक प्रवृतियों में लिप्त लोगों का अंत अच्छा नहीं होता है इसलिए आप सभी बीती बातों को भूलकर आगे अपने लक्ष्य को निर्धारित कर सकारात्मक हस्तक्षेप करेंगे। नवा बिहान संयोजक वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पाण्डेय ने नशे की लत,नशे के विभिन्न प्रकार एवं नशे के दुष्प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डाला।नशे की लत के कारण हम अपना नियंत्रण खो देते हैं और आपराधिक गतिविधियों में फंस जाते हैं। नवा बिहान समन्वयक अनिल कुमार मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि किशोरों एवं युवाओं को यदि अपराधिक प्रवृतियों से दूर रहना है तो स्वयं से अनुशासित एवं नियंत्रित होना पड़ेगा। वरिष्ठ समाजसेवी मनोज भारती ने किशोरों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आप लोग आज यहां पर हो तो आपके माता-पिता को दुःख होता होगा। मां -बाप से बढ़कर कोई आपका हितैषी नहीं है। अतः आप सभी भविष्य में माता -पिता के इच्छा के अनुरूप कार्य करेंगे। उपनिरीक्षक यातायात अभय तिवारी जी ने यातायात के प्रावधानों को अनदेखा कर वाहन चलाने के दुष्परिणामों को आंकड़ों सहित प्रस्तुत किया।तेज रफ्तार में वाहन चलाने, बिना हेलमेट के वाहन चलाने एवं बिना लाइसेंस के वाहन नहीं चलाने हेतु समझाईश दी । बाल संप्रेक्षण गृह के हाउस कीपर मनीष कुशवाहा के द्वारा कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। बाल सम्प्रेक्षण गृह की अधीक्षिका सुश्री मधुमती सिंह के द्वारा आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान के सदस्य वरिष्ठ समाजसेविका सुश्री वन्दना दत्ता, श्रीमती हिना खान, सुनिधि शुक्ला तथा बाल सम्प्रेक्षण गृह की परीवीक्षा अधिकारी श्रीमती शमा नूरी, श्रीमती आरती लकड़ा, श्री मनरंजन साहू, काउन्सलर श्री अंकित गुप्ता, हाऊस फादर श्री विरेन्द्र तिर्की गार्ड एवं रसोइया का सराहनीय योगदान रहा।



