स्वर्गीय लरंग साय की स्मृति में 2 अक्टूबर से जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता
वनांचल की ग्रामीण आदिवासी प्रतिभाओं को मंच देने लरंग साय सेवा समिति की पहल, विजेता को ₹1,11,111 और उपविजेता को ₹55,555
बलरामपुर।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सरगुजा के गांधी के नाम से पहचाने जाने वाले स्वर्गीय लरंग साय की स्मृति में लरंग साय सेवा समिति द्वारा जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य सुदूर वनांचल एवं आदिवासी बहुल क्षेत्रों में छिपी ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को अवसर प्रदान कर उन्हें समाज और सरकार के सामने एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
यह प्रतियोगिता स्वर्गीय लरंग साय के गांव ग्राम पंचायत चिरई-जसवंतपुर में 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर प्रारंभ होगी। शुभारंभ कार्यक्रम में सनातन संत समाज के अध्यक्ष संत परम श्रद्धेय वबरूर वाहन महाराज, छत्तीसगढ़ शासन के गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त अनुराग सिंह देव, सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा, भारतीय जनता पार्टी बलरामपुर-रामानुजगंज जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल तथा पूर्व अध्यक्ष गोपाल कृष्ण मिश्रा अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
लरंग साय सेवा समिति के अध्यक्ष राम लखन सिंह पैकरा ने बताया कि प्रतियोगिता में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की टीमों को शामिल किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली विजेता टीम को ₹1,11,111 तथा उपविजेता टीम को ₹55,555 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता के लिए प्रत्येक प्रतिभागी टीम का प्रवेश शुल्क ₹2,100 निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 21 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि स्वर्गीय लरंग साय आदिवासी समाज के प्रखर एवं मुखर व्यक्तित्व थे। उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम मानकर समाज के हित में कार्य किया। उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा लेते हुए समिति द्वारा ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर गत दिनों ग्राम पंचायत भवन चिरई में आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोरवाराम, दयाराम, सरपंच बुधनाराम, खगेश साय, अभय पैकरा, धर्मेंद्र साय, गणेश राम पैकरा सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं आसपास के ग्रामों के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
आयोजन समिति ने क्षेत्र की अधिक से अधिक फुटबॉल टीमों से प्रतियोगिता में सहभागिता करने और ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अपील की है।



