राजधानी रिपोर्टर/सौरभ साहू
अम्बिकापुर जिला सरगुजा छत्तीसगढ़।।
सरगुजा/अम्बिकापुर, दिनांक 23 जून 2026 भारतीय रेलवे मंत्रालय द्वारा ट्रेन संख्या 22407/22408 अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस के संचालन को साप्ताहिक से बढ़ाकर द्विसाप्ताहिक (सप्ताह में दो बार) किए जाने के निर्णय का पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्वागत किया है।
कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह निर्णय सरगुजा संभाग सहित उत्तर छत्तीसगढ़ के लाखों यात्रियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने की मांग की जा रही थी, जिसे केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय ने गंभीरता से लेते हुए पूरा किया है।
पर्यटन व संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि ट्रेन के सप्ताह में दो दिन संचालन से यात्रियों को दिल्ली एवं देश के अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन में अधिक सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के विद्यार्थियों, व्यवसायियों, नौकरीपेशा लोगों एवं मरीजों को भी इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा।
कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने इस जनहितैषी एवं दूरदर्शी निर्णय के लिए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार निरंतर रेल सुविधाओं के विस्तार एवं यात्री सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है, जिसका लाभ देश के दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी उत्तर छत्तीसगढ़ को रेलवे क्षेत्र में और अधिक सुविधाएं एवं नई सौगातें प्राप्त होती रहेंगी।



