पिछड़ा वर्ग कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, जातिगत आंकड़ों को प्रमाणिक एवं पारदर्शी तरीके से दर्ज करने की मांग
संवाददाता/सौरभ साहू
लोकेशन, अम्बिकापुर जिला सरगुजा छत्तीसगढ़।।
सरगुजा/अंबिकापुर, 24 सितंबर 2026।
जनगणना-2027 में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की जातिगत गणना को स्पष्ट, पृथक और प्रमाणिक रूप से दर्ज किए जाने की मांग को लेकर पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, सरगुजा की ओर से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) OBC विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर सरगुजा के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि जनगणना-2027 के प्रपत्र में OBC के लिए स्पष्ट एवं पृथक कॉलम/श्रेणी निर्धारित की जाए, ताकि देश में OBC की वास्तविक जनसंख्या से संबंधित प्रमाणिक और वैज्ञानिक आंकड़े उपलब्ध हो सकें।

यह मांग ऐसे समय सामने आई है जब केंद्र सरकार ने जनगणना-2027 में जाति की गणना शामिल करने का निर्णय लिया है। केंद्र सरकार के अनुसार जाति संबंधी गणना जनगणना के दूसरे चरण यानी Population Enumeration में की जाएगी, जबकि दूसरे चरण के प्रश्नों को अभी अधिसूचित किया जाना बाकी है।
“ *आंकड़ा सिर्फ संख्या नहीं, सामाजिक नीतियों का आधार है” — लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता,,*
ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता ने कहा कि OBC देश की सामाजिक संरचना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। शिक्षा, रोजगार, सामाजिक प्रतिनिधित्व और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी निर्धारण के लिए समाज के विभिन्न वर्गों की वास्तविक स्थिति से संबंधित प्रमाणिक आंकड़े आवश्यक हैं।
उन्होंने कहा कि यदि जनगणना में OBC की पहचान और संख्या स्पष्ट रूप से दर्ज होती है, तो सामाजिक एवं आर्थिक नीतियों के निर्माण के लिए अधिक ठोस आंकड़े उपलब्ध हो सकेंगे।
गुप्ता ने कहा कि OBC की जनसंख्या और सामाजिक स्थिति से संबंधित प्रमाणिक आंकड़ों के अभाव में नीति निर्माण और योजनाओं के प्रभाव का आकलन करने में कठिनाई हो सकती है। इसलिए जनगणना-2027 में OBC के लिए स्पष्ट एवं पृथक व्यवस्था की मांग महत्वपूर्ण है।
*राहुल गांधी द्वारा जातिगत जनगणना की मांग का भी किया उल्लेख*
लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लंबे समय से जातिगत जनगणना और OBC से जुड़े सामाजिक न्याय के मुद्दे को उठाते रहे हैं। उनके अनुसार OBC की वास्तविक संख्या का प्रमाणिक आंकड़ा सामने आना सामाजिक न्याय से जुड़ी नीतियों के लिए उपयोगी आधार प्रदान कर सकता है।
*जिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक बोले— वास्तविक संख्या सामने आना जरूरी*
जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि जातिगत जनगणना और OBC के अधिकारों से जुड़े मुद्दे को कांग्रेस लगातार उठाती रही है। उन्होंने कहा कि जनगणना में OBC के आंकड़े स्पष्ट रूप से दर्ज किए जाने चाहिए, जिससे भविष्य में योजनाओं और नीतियों के निर्धारण के लिए वास्तविक आंकड़े उपलब्ध हो सकें।
*ईश्वर सोनी ने रखी पृथक कॉलम की मांग*
जिला कांग्रेस कमेटी OBC विभाग, सरगुजा के जिलाध्यक्ष ईश्वर सोनी ने कलेक्टर एवं मीडिया के समक्ष OBC की जातिगत गणना को पारदर्शी, वैज्ञानिक और सत्यापन योग्य तरीके से दर्ज करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि जनगणना प्रपत्र में पृथक कॉलम होने से OBC की वास्तविक संख्या का प्रमाणिक आंकड़ा प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
*ज्ञापन सौंपने पहुंचे कांग्रेस एवं OBC कांग्रेस के पदाधिकारी*
ज्ञापन सौंपने के दौरान लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता, बालकृष्ण पाठक, ईश्वर सोनी, कलाम सिद्धकी, राजेंद्र बहादुर, बैजनाथ ठाकुर, अविनाश ठाकुर, गीता रजक, उर्मिला विश्वास, दुग्धेश्वर यादव, सुसीला, उमेश्वर साहू, आरिफ खान, अतहर अली, डॉ. निर्मल, शुभम ठाकुर सहित कांग्रेस एवं OBC विभाग के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
*कांग्रेस पार्टी कि मुख्य मांग*
“जनगणना-2027 के प्रपत्र में OBC के लिए स्पष्ट एवं पृथक कॉलम/श्रेणी निर्धारित की जाए, ताकि देश में OBC की वास्तविक जनसंख्या का प्रमाणिक आंकड़ा उपलब्ध हो सके।”



