अंबिकापुर/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में सरगुजा पुलिस एवं सरगुजा जिले के गैर सरकारी संगठनों (NGO)के संयुक्त तत्वावधान् में संचालित नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा के द्वारा मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा अमोलक सिंह ढिल्लो एवं विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाजसेविका सुश्री वन्दना दत्ता दीदी के गरिमामयी उपस्थिति में विशेष बालक गृह (प्लेस ऑफ सेफ्टी बालक) अम्बिकापुर में नशामुक्ति,यातायात के प्रावधानों , व्यवहार परिवर्तन संवाद एवं व्यक्तित्व विकास के संबंध में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र के समन्वयक अनिल कुमार मिश्रा ने नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा द्वारा निरंतर संचालित गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि सरगुजा पुलिस एवं सरगुजा जिले के गैर सरकारी संगठनों द्वारा स्वैच्छिक रुप से जवाबदेही के साथ संचालित यह अभियान एक अभिनव पहल है। मुख्य अतिथि संवेदनशील अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने विशेष बालक गृह के किशोर बालकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि बीती बातों को भूलकर आगे आप सभी समाज के मुख्य धारा में शामिल होकर स्वयं,परिवार, समाज एवं देश के विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।साथ ही अन्य किशोर बालकों को अपराधिक प्रवृतियों से दूर रहने हेतु जागरूक करना भी आप सभी का नैतिक दायित्व है। साथ ही अपनी उर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने का प्रयत्न करें। उपनिरीक्षक यातायात पुलिस अभय तिवारी जी ने यातायात के प्रावधानों की अवहेलना नहीं करते हुए वाहन चलाने की समझाइश देते हुए यातायात के दौरान हुई घटनाओं को आंकड़ों सहित प्रस्तुत कर सरल -सहज शब्दों में विश्लेषण करते हुए किशोर बालकों को जागरूक किया।साथ ही उन्होंने कहा कि अपनी इच्छाओं को सीमाओं में बांधे रखना ही समझदारी है। वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पाण्डेय संयोजक नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान सरगुजा ने बालकों को नशे की लत से दूर रहने हेतु जागरूक किया ।साथ ही नशे की लत लगने के कारणों,नशे के विभिन्न प्रकारों एवं नशे की लत से होने वाले दुष्प्रभाव पर समूह चर्चा के माध्यम से समझाया गया। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाज सेविका सुश्री वन्दना दत्ता दीदी ने बालकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज के कार्यक्रम से मिली सीखों को आप सभी आत्मसात् करें। भविष्य में एक बेहतर एवं जिम्मेदार नागरिक बनें। नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान की परामर्शदाता श्रीमती हिना खान एवं श्रीमती सुनिधि शुक्ला ने भी बालकों को सम्बोधित किया। विशेष बालक गृह के अधीक्षक नीतू राम कुशवाहा के द्वारा अतिथियों, नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र के सदस्यों का सहृदय आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष बालक गृह के स्टाफ सुमेश्ववर सिंह, रामेश्वरी राजवाड़े, शगुफ्ता मैडम एवं शीला साव का सराहनीय योगदान रहा।



