अंबिकापुर, 08 सितम्बर 2026।
विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर अनामिका वेलफेयर सोसायटी के सौजन्य से सियान गुड़ी सेंटर, अंबिकापुर में स्वास्थ्य जागरूकता, खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों से युक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “सेरेब्रोवास्कुलर एक्सीडेंट (CVA) और स्ट्रोक की रोकथाम, प्रबंधन एवं पुनर्वास” रहा।

कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठजनों एवं आमजन को CVA एवं स्ट्रोक के कारणों, प्रारंभिक लक्षणों, रोकथाम, उचित प्रबंधन एवं पुनर्वास के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर नियमित शारीरिक गतिविधियों, स्वस्थ जीवनशैली तथा फिजियोथेरेपी के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में फिजियोथेरेपी डॉ. जय शंकर चौधरी, डॉ. खुशबू एवं डॉ. श्रुति द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव तथा फिजियोथेरेपी की उपयोगिता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने स्ट्रोक के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान, समय पर चिकित्सकीय सहायता तथा स्ट्रोक के बाद फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठजनों के लिए विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। वरिष्ठजनों ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ खेलों में भाग लिया। इन गतिविधियों का उद्देश्य उन्हें शारीरिक रूप से सक्रिय रखने के साथ-साथ मानसिक प्रसन्नता, आत्मविश्वास एवं आपसी मेल-जोल को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठजन श्री बी. डि. लाल एवं श्री लाल मालवीय द्वारा प्रेरणादायक कविताओं की प्रस्तुति दी गई। उनकी कविताओं ने उपस्थित वरिष्ठजनों एवं सभी प्रतिभागियों में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। कविता के माध्यम से उन्होंने जीवन में सकारात्मक सोच रखने, उम्र के इस पड़ाव पर भी सक्रिय रहने तथा उत्साह और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुति की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री रीता अग्रवाल द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित वरिष्ठजनों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की निवेदनकर्ता श्रीमती जानकी सिंह रहीं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, विशेषज्ञों, वरिष्ठजनों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि वरिष्ठजनों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान स्वास्थ्य जागरूकता, फिजियोथेरेपी, स्ट्रोक की रोकथाम एवं पुनर्वास के साथ-साथ खेल, कविता एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से वरिष्ठजनों को सक्रिय एवं स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया गया।
अंत में सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। अनामिका वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम वरिष्ठजनों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक सराहनीय पहल रही।



