जनजातीय गौरव दिवस पर रंगमंच सूरजपुर में संस्कृति और परंपराओं की दिखी अनुपम झलक, मेधावी विद्यार्थियों एवं विशिष्ट प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
राजधानी रिपोर्टर/सौरभ साहू कि विशेष रिपोर्ट,,,
लोकेशन – सूरजपुर, छत्तीसगढ़।
दिनांक – 18 नवंबर 2026
सूरजपुर। दिनांक 18 नवंबर 2026 ,भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए सूरजपुर में जनजातीय गौरव दिवस श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। रंगमंच सूरजपुर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने समाज से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात कर शिक्षित, संगठित और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं उरांव समाज के नर्तक दल ने जनजातीय संस्कृति और परंपराओं पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को जनजातीय विरासत और लोक परंपराओं से रूबरू कराया। इस अवसर पर समाज के मेधावी विद्यार्थियों एवं विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
*जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष सदैव प्रेरणास्रोत*
मुख्य अतिथि विधायक भूलन सिंह मरावी ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध ऐतिहासिक संघर्ष किया। उन्होंने जनजातीय समाज में स्वाभिमान, एकता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता का संचार किया। उनका त्याग, संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। विधायक ने कहा कि जनजातीय समाज की असली पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, भाषा-बोली और गौरवशाली इतिहास में निहित है। इसे संरक्षित रखना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधार है। अभिभावकों को अपने बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए तथा युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने सामाजिक विकास में बाधक नशाखोरी और कुरीतियों को दूर करने के लिए भी सामूहिक पहल करने की अपील की। विधायक ने कहा कि शासन द्वारा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलते हुए समाज को शिक्षित, संगठित और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेने की बात कही।
*महापुरुषों के योगदान को याद कर समाज विकास का लिया संकल्प*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनजातीय समाज के रामलखन पैकरा ने भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के अन्य महापुरुषों के ऐतिहासिक योगदान और उनके संघर्षों को याद किया। उन्होंने समाज के लोगों से महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाकर शिक्षा, एकता और विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती स्वाति सिंह ने भी भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को स्मरण करते हुए उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने की अपील की।
*बाल विवाह मुक्त सूरजपुर बनाने की दिलाई शपथ*
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पहलू सामाजिक जागरूकता भी रहा। विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने उपस्थित जनसमूह को बाल विवाह मुक्त सूरजपुर बनाने की शपथ दिलाई। इसके माध्यम से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ सामूहिक जिम्मेदारी निभाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष,मुरली मनोहर सोनी, सत्यनारायण सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष स्वाति संत सिंह, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के सदस्य, जनप्रतिनिधिगण, राजमोहिनी देवी की सुपुत्री रामबाई, अमृत मरावी सहित जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कलेक्टर रेना जमील, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले तथा आदिवासी विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए। जनजातीय गौरव दिवस का यह आयोजन केवल महापुरुषों के स्मरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शिक्षा, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और कुरीतियों से मुक्ति के संकल्प के साथ समाज को नई दिशा देने का संदेश भी दे गया।



