Balrampur News : अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसते हुए थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में बने गुप्त चेंबर से 106 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत लगभग पांच लाख रुपए आंकी गई है। आरोपी बिहार राज्य के रोहतास जिले का रहने वाला है, जो उड़ीसा से गांजा लेकर सासाराम जा रहा था।
पुलिस को यह सफलता पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के निर्देशन में मिली। जिले में लगातार नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए नाकेबंदी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक भापेंद्र साहू को मुखबिर से सूचना मिली कि एक लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर में पीली ट्रॉली लगाकर बड़ी मात्रा में गांजा अंबिकापुर से बलरामपुर होते हुए बिहार ले जाया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने रातोंरात नाकाबंदी की और कुछ देर बाद संदिग्ध ट्रैक्टर को रोक लिया। चालक ने अपना नाम इजहार आलम पिता स्व. मुमताज मियां, 24 वर्ष, निवासी ग्राम करारी, थाना शिवसागर, जिला रोहतास (बिहार) बताया। वाहन की तलाशी लेने पर ट्रॉली के नीचे वेल्डिंग कर बनाए गए चेंबरनुमा गुप्त स्थान में भूरे टेप से लिपटे 75 पैकेट मिले। जांच में सभी पैकेटों में गांजा पाया गया, जिसका कुल वजन 106.60 किलो था।
पुलिस ने मौके पर ही गांजा, ट्रैक्टर और ट्रॉली को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जप्त गांजा की कीमत लगभग 5 लाख रुपए और ट्रैक्टर-ट्रॉली की कीमत 7 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 161/2025, धारा 20(ख)(ii)(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक भापेंद्र साहू, सहायक उपनिरीक्षक राधेश्याम विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक शिपक शर्मा, श्रीनाथ सिंह, शैलेंद्र तिवारी, आरक्षक महेंद्र गुप्ता, सचिंद्र सिंह, बिंदु यादव और दलसाय श्यामले की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश और गांजा तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है।



