*एग्रीस्टेक एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराएं- कलेक्टर*
*समय-सीमा की बैठक संपन्न*
*सूरजपुर/28 सितंबर 2026/* कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने समय-सीमा के लंबित प्रकरण, जनदर्शन, सेवा सेतु, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, पीजी पोर्टल सहित शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विभिन्न विभागीय कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक योजना एवं कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाएं।
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के लंबित एवं निराकृत प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने शिकायतों के निराकरण की स्थिति के साथ नागरिकों से प्राप्त फीडबैक की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत दिलाना सुनिश्चित करें। आवश्यकतानुसार संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर वस्तुस्थिति का निरीक्षण करें और शिकायत का स्थायी समाधान करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग से एक ही प्रकार की शिकायतें बार-बार प्राप्त हो रही हैं, तो उनके मूल कारणों की पहचान कर कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार करें। उन्होंने निम्न रैंकिंग वाले विभागों को विशेष ध्यान देते हुए आगामी समीक्षा तक उल्लेखनीय सुधार लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराते हैं। इसलिए प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें साथ ही निराकरण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक प्राप्त कर यह सुनिश्चित किया जाए कि उसे वास्तव में राहत मिली है।
कलेक्टर ने सीएम जनदर्शन, सेवा सेतु, पीजी पोर्टल, कलेक्टर जनदर्शन, में लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा शिकायतों के निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने न्यायालयीन प्रकरण एवं हाई कोर्ट के लंबित प्रकरणों का समय से जवाबदावा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती जमील ने एग्रीस्टेक पंजीयन की प्रगति तथा डिजिटल क्रॉप की जानकारी ली। उन्होंने पंजीयन एवं सर्वे कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सर्वे कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित जांच एवं उपचार शिविरों की जानकारी ली। उन्होंने कार्य-प्रदर्शन में सुधार लाते हुए अधिक से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती जमील ने आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड की प्रगति की जानकारी लेते हुए शेष पात्र हितग्राहियों के कार्ड शीघ्र बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान सघन अभियान चलाकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से शत-प्रतिशत संतृप्त करें।
कलेक्टर ने टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वयं निक्षय मित्र बनकर अन्य लोगों को भी टीबी मरीजों के उपचार एवं पोषण सहयोग के लिए लोगों को प्रेरित करने कहा। साथ ही जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लोगों तक टीबी की रोकथाम, जांच एवं उपचार संबंधी संदेश पहुंचाया जा सके।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने प्राथमिक, माध्यमिक, हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लंबे समय से अनुपस्थित शिक्षकों के प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। साथ ही विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर श्रीमती जमील ने कहा कि छात्रावास आश्रमों के निरीक्षण की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी गई है नियमित रूप से मैदानी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें। उन्होंने कहा कि बच्चों से संबंधित सुविधाओं में निरंतरता और गुणवत्ता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने कार्यालयीन कार्यों में ई-ऑफिस प्रणाली के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि डिजिटल व्यवस्था से कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यों की गति बढ़ेगी। उन्होंने सभी विभागों को फाइल संचालन, पत्राचार एवं अनुमोदन की प्रक्रिया नियमित रूप से ई-ऑफिस के माध्यम से संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट कर योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति का स्वयं निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा सभी अधिकारी आपसी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आम नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराएं।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा, डिप्टी कलेक्टर, सर्व अनुविभागीय अधिकारी (रा.), जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।



