सरगुजा संभाग में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत दिनांक 16 जून से विद्यालयों का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है, किंतु जमीनी स्तर पर अनेक आवश्यक व्यवस्थाएं अभी भी अधूरी हैं। ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित शिक्षा उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण प्रतीत हो रहा है। इस संबंध में सरगुजा संभाग क़े विभिन्न विद्यालयों क़े संदर्भ में निम्न बिंदुओं की ओर आपका ध्यान आकृष्ट कराना चाहता हूँ –


1. अनेक विद्यालयों में अभी तक सभी कक्षाओं की पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध नहीं हो सकी हैं।
2. कई विद्यालय एकल शिक्षकीय हैं, जिससे सभी कक्षाओं का समुचित संचालन प्रभावित हो रहा है।
3. मरम्मत योग्य एवं जर्जर भवनों वाले विद्यालयों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था अथवा आवश्यक मरम्मत का कार्य पूर्ण नहीं किया गया है।
4. क्षेत्र में अत्यधिक गर्मी एवं उमस के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।
5. कई विद्यालयों में पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था अभी भी नहीं है।
6. विद्युत एवं पंखों की व्यवस्था कई स्थानों पर सुचारु नहीं है, जिससे कक्षाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है।
7. विद्यालयों में आवश्यक फर्नीचर, ब्लैक बोर्ड तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का अभाव है।
8. कुछ विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों के कारण शैक्षणिक गतिविधियाँ प्रभावित हो रही हैं।
9. मध्यान्ह भोजन व्यवस्था हेतु आवश्यक सामग्री एवं संसाधनों की उपलब्धता सभी स्थानों पर सुनिश्चित नहीं हो पाई है।
10. वर्षा ऋतु के पूर्व भवनों, छतों एवं परिसर की मरम्मत का कार्य पूर्ण नहीं होने से विद्यार्थियों की सुरक्षा संबंधी चिंताएं बनी हुई हैं।
उपरोक्त परिस्थितियों को देखते हुए यह प्रतीत होता है कि पर्याप्त एवं समुचित तैयारियों के अभाव में विद्यालय संचालन प्रारंभ किया गया है। अतः विद्यार्थियों के हित में आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने तथा विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान करने का कष्ट करें।
(परवेज आलम गाँधी)
प्रदेश महासचिव
छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी,अल्पसंख्यक विभाग



