छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल मुख्यालय नवा रायपुर सहित प्रदेश के सभी संभाग, संपदा कार्यालयों एवं वृत्त कार्यालयों में वंदे मातरम् की 150वीं स्मरणोत्सव 7 नवम्बर 2025 को अत्यंत हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गृह निर्माण मंडल के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी एकजुट होकर इस ऐतिहासिक दिवस का उत्सव मनाने में सम्मिलित हुए।

मुख्यालय नवा रायपुर में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रप्रेम तथा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने वंदे मातरम् गीत के इतिहास, इसकी सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय महत्ता पर प्रकाश डाला तथा स्वतंत्रता संग्राम में इसके योगदान को स्मरण किया।
मुख्यालय के साथ-साथ बिलासपुर, दुर्ग, अंबिकापुर, जगदलपुर और कोरबा सहित सभी संभाग एवं संपदा कार्यालयों में भी समान रूप से कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी स्थानों पर कर्मचारियों ने एक साथ वंदे मातरम् का गायन किया और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होकर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।

इस अवसर पर हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारतीय अस्मिता, मातृभूमि के प्रति प्रेम और एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम की भावना से प्रेरित कर सकते हैं।



