रेल संघर्ष समिति ने 15 दिवस के भीतर प्लेटफार्म निर्माण कार्य प्रारंभ ना होने पर,धरना सहित चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, पार्किंग व्यवस्था में सुधार, नई इंटरसिटी ट्रेन संचालन सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों को लेकर रेल संघर्ष समिति ने स्टेशन प्रबंधक एस के सिंह से रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग से जुड़े इंजीनियर मनोज कुमार गुप्ता और कॉमर्शियल इंस्पेक्टर श्री लहरे की उपस्थिति में विस्तार से चर्चा की।

समिति ने स्टेशन में प्लेटफार्म की कमी के कारण दिल्ली और जबलपुर से आने वाली ट्रेनों को कमलपुर व विश्रामपुर में लंबे समय तक खड़ा रखने से यात्रियों को हो रही परेशानी पर चिंता जताई और अतिरिक्त प्लेटफार्म निर्माण के काम में राशि स्वीकृति के बाद भी,कार्य प्रारंभ नहीं होने पर रोष व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने यात्रियों की आसान,सुरक्षित और सुव्यवस्थित आवाजाही के लिए ट्रेन आगमन पर, अचानक बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए, बेतरतीब ऑटो खड़ा करने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा ट्रैफिक पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
ऑटो चालकों की अव्यवस्थित पार्किंग और निर्धारित दर से अधिक किराया वसूली की शिकायत पर कमर्शियल इंस्पेक्टर श्री लहरे ने बताया कि ठेकेदार पर ₹15,000 का अर्थदंड लगाया गया है और सुधार नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रेल संघर्ष समिति ने पार्किंग ठेकेदार का आचरण रेलवे के मानकों के अनुरूप बनाए रखने के साथ ही अवैध,बिना रसीद के वसूली करने वाले ठेकेदार या उप ठेकेदार पर कड़ी नजर रखने के साथ बार-बार शिकायत प्राप्त होने की स्थिति में अनुबंध की समीक्षा कर कड़ी कार्यवाही करने की बात कही।
रेल संघर्ष समिति के सदस्यों ने बताया कि अंबिकापुर प्लेटफार्म पर डिजिटल डिस्पले बोर्ड सुविधा प्रारंभ नहीं करने के कारण बोगी संख्या नहीं दिखाई जाती,जिससे यात्रियों को भाग दौड़ करनी पड़ती है और काफी दिक्कत होती है। जनता की सुविधा के लिए डिजिटल डिस्पले बोर्ड और फुट ओवर ब्रिज भी अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में बहुत आवश्यक है।
रेल संघर्ष समिति ने अंबिकापुर स्टेशन से प्रतिदिन बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए अंबिकापुर–रायपुर इंटरसिटी ट्रेन प्रारंभ करने तथा शाम को चलने वाली ट्रेन का समय 4 बजे करने का प्रस्ताव भेजने की मांग की, ताकि अनूपपुर से कनेक्टिंग ट्रेन सुविधा मिल सके।
आगामी रेल बजट के लिए समिति ने अंबिकापुर में यात्री सुविधाओं की बढ़ोतरी और नई रेल लाइनों के विस्तार हेतु विशेष आग्रह पत्र भेजने के लिए विचार विमर्श किया, जिससे भविष्य में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने,जनभावना अनुरुप प्रस्तावित योजनाओं का निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
रेलवे स्टेशन में चर्चा के दौरान क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य मुकेश तिवारी, रेल संघर्ष समिति के कैलाश मिश्रा, जितेन्द्र सिंह, अजय तिवारी, मंगल पाण्डेय, शिवेश सिंह, अंचल ओझा, सुभाष गुप्ता, योगेश सोनी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।



