अंबिकापुर। भगवती मानव कल्याण संगठन जिला इकाई अंबिकापुर के तत्वावधान में नगर माता राजमोहनी भवन, एमजी रोड में 24 घंटे का अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ भव्य एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। निरंतर 24 घंटे तक चले इस आयोजन में नगरवासियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए श्री दुर्गा चालीसा पाठ का लाभ लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ 29 अगस्त को सुबह 11 बजे हुआ। इसके पश्चात 30 अगस्त को प्रातः 9 बजे नशामुक्ति सद्भावना रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं संस्कारवान समाज के निर्माण के लिए जागरूक किया गया।
रैली के उपरांत सुबह 11 बजे अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ का समापन हुआ। समापन अवसर पर माता भगवती आदिशक्ति जगतजननी जगदंबा एवं परमपूज्य गुरुवर श्री शक्तिपुत्र जी महाराज की आरती संपन्न की गई।

कार्यक्रम में उपस्थित भगवती मानव कल्याण संगठन के केंद्रीय महासचिव अजय अवस्थी ने कहा कि वर्तमान समय में नशा एक बड़ी महामारी बन चुका है। नशे को अपने जीवन से दूर रखना ही व्यक्ति और समाज के हित में है। नशे के कारण मनुष्य शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक रूप से नुकसान उठा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि यदि हमें मनुष्य जीवन मिला है तो निश्चित रूप से इसका कोई उद्देश्य है। परमपूज्य गुरुवर श्री ने प्रत्येक मनुष्य के तीन कर्तव्य बताए हैं—धर्म की रक्षा, राष्ट्र की रक्षा और मानवता की सेवा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को इस विचारधारा को अपने जीवन में धारण करना चाहिए। धर्म का पालन करने से मनुष्य का कल्याण निश्चित है।
अजय अवस्थी ने कहा कि जीवन की परेशानियों से घबराने की आवश्यकता नहीं है। धर्मनिष्ठ होकर जीवन जीने वाले व्यक्ति के लिए कोई भी समस्या ऐसी नहीं है जिसका समाधान संभव न हो। उन्होंने कहा कि जीवन की वास्तविक समस्या बाहर नहीं, बल्कि मनुष्य के भीतर होती है। “मन चंगा तो कठौती में गंगा” के सूत्र को जीवन में निरंतर अपनाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि हमें किसी दूसरे व्यक्ति पर विजय प्राप्त करने के बजाय स्वयं पर विजय प्राप्त करनी चाहिए। अपने भीतर की बुराइयों को दूर करना और धर्म के मार्ग पर चलना ही वास्तविक सफलता है।
इस अवसर पर उन्होंने भगवती मानव कल्याण संगठन के नशामुक्त, मांसाहार मुक्त, चरित्रवान एवं चेतनावान समाज के निर्माण के उद्देश्य से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में संगठन के जिला अध्यक्ष द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में संगठन से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।



