रायगढ़। घरघोड़ा रेलवे साइडिंग से जुड़े कोयला परिवहन मार्ग में लंबे समय से व्याप्त समस्याओं, जर्जर सड़कों, भारी वाहनों की आवाजाही, धूल प्रदूषण, यातायात जाम एवं लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर युवा कांग्रेस रायगढ़ ग्रामीण के जिला अध्यक्ष उस्मान बेग के नेतृत्व में जिला कलेक्टर रायगढ़ को विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया गया कि रेलवे साइडिंग से जुड़े कोयला परिवहन मार्ग पर भारी एवं ओवरलोड वाहन लगातार संचालित हो रहे हैं। इसके कारण सड़कें जर्जर हो चुकी हैं तथा बाईपास और कांटा घर के आसपास अव्यवस्थित पार्किंग, धूल प्रदूषण और अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के चलते आम नागरिकों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा खतरे में है।
ज्ञापन में पूर्व में हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं सहायता नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया गया। साथ ही हाल ही में ट्रेलर पलटने की घटना का उल्लेख करते हुए स्थायी समाधान की मांग की गई।
प्रमुख मांगें
युवा कांग्रेस ने प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखीं—
1. रेलवे साइडिंग मार्ग, बाईपास सड़क एवं मुख्य प्रवेश मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए।
2. ओवरलोड वाहनों की नियमित जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
3. बाईपास चौक एवं कांटा घर के आसपास अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाई जाए।
4. कोयला परिवहन करने वाले वाहनों के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
5. बाईपास चौक पर हाईमास्ट लाइट एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं स्थापित की जाएं।
6. सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव, सफाई एवं कोयला परिवहन वाहनों को ढककर चलाना सुनिश्चित किया जाए।
7. पूर्व दुर्घटना में मृत व्यक्ति के परिवार को नियमानुसार मुआवजा एवं सहायता दिलाई जाए।
8. साइडिंग एवं परिवहन कार्यों में लगे कर्मचारियों तथा संबंधित व्यक्तियों का सत्यापन कराया जाए।
9. साइडिंग, परिवहन एवं लोडिंग-अनलोडिंग के कार्यों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाए।
10. रेलवे साइडिंग से संबंधित नगर पंचायत की भूमि, उसके उपयोग, आवंटन एवं राजस्व की जांच कर नियमानुसार राजस्व वसूली सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त ज्ञापन में कोयला परिवहन के दौरान कोयले की हेराफेरी एवं चोरी की आशंकाओं की निष्पक्ष जांच कराने, वाहनों के दस्तावेजों एवं कांटा पर्चियों का मिलान करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
25 नवंबर को आंदोलन की चेतावनी
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष उस्मान बेग ने प्रशासन से मांग की है कि ज्ञापन प्राप्त होने के 20 दिनों के भीतर स्थल निरीक्षण कर सभी मांगों पर ठोस एवं समयबद्ध कार्रवाई की जाए तथा कार्रवाई की जानकारी उन्हें उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अवधि में प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है, तो 25 नवंबर 2026 को स्थानीय नागरिकों के साथ रेलवे साइडिंग के सामने आर्थिक नाकेबंदी करते हुए शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन एवं विधिसम्मत गांधीवादी आंदोलन किया जाएगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
उस्मान बेग ने कहा कि युवा कांग्रेस औद्योगिक विकास के विरोध में नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर स्थानीय जनता की सुरक्षा, स्वास्थ्य, सुविधाओं, रोजगार और स्थानीय निकाय के वैधानिक राजस्व की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। औद्योगिक गतिविधियों से लाभ कमाने वाले संबंधित पक्षों की भी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।
जारीकर्ता:
उस्मान बेग
जिला अध्यक्ष, युवा कांग्रेस रायगढ़ ग्रामीण
पूर्व उपाध्यक्ष, नगर पंचायत घरघोड़ा
पूर्व पार्षद, वार्ड क्रमांक 06, घरघोड़ा



