अंबिकापुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर सरगुजा के बास्केटबॉल खिलाड़ियों ने अनोखे अंदाज़ में पर्व मनाया। कई वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत खिलाड़ियों ने उस बास्केटबॉल पोल को रक्षा सूत्र बांधा, जहां वे वर्षभर अभ्यास करते हैं।
खिलाड़ियों ने कहा कि यह मैदान और बास्केटबॉल पोल उनके लिए केवल अभ्यास का स्थान नहीं, बल्कि उनकी मेहनत, संघर्ष और सफलता का साथी है। इसी भाव के साथ उन्होंने पोल को राखी बांधकर खेल के प्रति समर्पण, एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर ग्राउंड परिसर में लगे पेड़-पौधों को भी राखी बांधी गई और उनकी रक्षा व संरक्षण का संकल्प लिया गया। खिलाड़ियों ने कहा कि खेल के साथ प्रकृति से जुड़ाव भी जरूरी है और पेड़-पौधे हमारे जीवन में सुरक्षा एवं जीवनदायिनी भूमिका निभाते हैं।
जिला बास्केटबॉल संघ के संचालक एवं राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य खिलाड़ियों को खेल के साथ भारतीय परंपराओं, संस्कारों और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि खेल मैदान केवल प्रतियोगिता का स्थान नहीं, बल्कि भावनाओं, अनुशासन, एकता और संस्कारों का केंद्र भी है।
इस अवसर पर सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ परिवार, बालिका खिलाड़ी, स्थानीय खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।



