मैनपाट, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर विकासखंड मैनपाट के मा. शा. कण्डराजा में विकासखंड शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में “सेवा संकल्प अभियान” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सहभागिता के साथ शाला त्यागी एवं अप्रवेशी बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन तथा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात ऑपरेशन स्कूल वापसी के अंतर्गत पहाड़ी कोरवा समुदाय के शाला त्यागी एवं अप्रवेशी बच्चों का आत्मीय स्वागत किया गया। बच्चों का पाद प्रक्षालन, तिलक एवं आरती के साथ विद्यालय में प्रवेश कराया गया तथा विद्यारम्भ संस्कार के तहत बच्चों को कॉपी-पेन प्रदान कर ‘अ, आ’ लिखवाकर शिक्षा की नई शुरुआत कराई गई।
बच्चों के नियमित ठहराव पर विशेष जोर
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि “ऑपरेशन स्कूल वापसी केवल बच्चों का विद्यालय में प्रवेश कराने तक सीमित नहीं है। हमारा वास्तविक लक्ष्य बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के साथ-साथ उनका नियमित ठहराव सुनिश्चित करना है। इसके लिए शिक्षक घर-घर संपर्क, अभिभावकों से संवाद तथा बच्चों की नियमित उपस्थिति की सतत निगरानी करेंगे। किसी भी बच्चे को परिस्थितियों के कारण दोबारा विद्यालय से दूर न होने देने के लिए विद्यालय और समुदाय मिलकर कार्य करेंगे।”

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष से पहाड़ी कोरवा बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान में शिक्षकों द्वारा घर-घर पहुंचकर 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के शाला त्यागी एवं अप्रवेशी बच्चों को चिन्हित कर विद्यालय से जोड़ा गया है। इस प्रयास को आगे बढ़ाते हुए अब माझी समुदाय के बच्चों को भी शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ऑपरेशन स्कूल वापसी के अगले चरण की शुरुआत की गई है।
विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, रंगोली, निबंध लेखन, भाषण एवं जलेबी दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया गया तथा विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा सेवा संकल्प शपथ का सामूहिक वाचन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने, बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को व्यवहार का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया गया।
“हर बच्चा विद्यालय आए, नियमित विद्यालय आए और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य का निर्माण करे” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता कुंजबिहारी गुप्ता,मथुरा यादव, परमेश्वर, आत राम, मंगलसाय संकुल समन्वयक कमलेश सिंह, काजेश घोष, महेश यादव, सत्यप्रकाश गुप्ता, विजय सिंह, सतीश किंडो, ओम प्रकाश, अजीत नामदेव, विमल तिग्गा, अनिल प्रधान सहित शिक्षक परमेश्वर राठिया, मोजसम खान, रामकुमार रवि, कस्टू राम, सुभाष सिंह, राकेश कैवर्तय, परमानंद चौधरी, शिवपाल सिंह, गुरुवचन सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहें।



