पुलिस सैलरी पैकेज योजना बनी दिवंगत आरक्षक के परिवार का सहारा, एसपी योगेश कुमार पटेल एवं एसबीआई शाखा प्रबंधक ने पत्नी पूनम पाण्डेय को सौंपा एक करोड़ रुपये का चेक,,
राजधानी रिपोर्टर / सौरभ साहू कि विशेष रिपोर्ट,,
दिनांक – 18 नवंबर 2026
लोकेशन – सूरजपुर, छत्तीसगढ़।
सूरजपुर/सड़क दुर्घटना में असमय दुनिया को अलविदा कह गए सूरजपुर पुलिस के आरक्षक अभय पाण्डेय के परिवार के लिए पुलिस सैलरी पैकेज योजना एक बड़ा आर्थिक सहारा बनकर सामने आई है। कर्तव्य के दौरान पुलिस परिवार के एक सदस्य को खोने का दर्द कभी कम नहीं हो सकता, लेकिन ऐसे कठिन समय में शासन और पुलिस विभाग की संवेदनशील पहल ने उनके आश्रित परिवार को भविष्य की आर्थिक सुरक्षा का संबल प्रदान किया है। दिवंगत आरक्षक के परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षक अभय पाण्डेय जिला सूरजपुर के थाना विश्रामपुर में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। 2 फरवरी 2026 को एक सड़क दुर्घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था। इस दुखद घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई थी। परिवार पर आए इस असहनीय संकट के बीच पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत आर्थिक सहायता की प्रक्रिया पूरी की गई।
इसी कड़ी में 17 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री योगेश कुमार पटेल (भापुसे) एवं भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक श्री बृजेश गुप्ता ने दिवंगत आरक्षक की पत्नी श्रीमती पूनम पाण्डेय को एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा। इस दौरान अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
*बेटे को मिली अनुकंपा नियुक्ति, परिवार को मिला आर्थिक संबल*
दिवंगत आरक्षक अभय पाण्डेय के परिवार के लिए यह भी राहत की बात है कि उनके पुत्र निर्भय पाण्डेय को पिता के निधन के बाद जिला एमसीबी में आरक्षक (अ) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है। वर्तमान में वे जिला सूरजपुर में अटैच रहकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। एक ओर परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मिली है, वहीं दूसरी ओर पुत्र को अनुकंपा नियुक्ति मिलने से परिवार के भविष्य को नई उम्मीद मिली है।
*पुलिस सैलरी पैकेज: संकट की घड़ी में परिवारों की सुरक्षा का मजबूत आधार*
पुलिस सैलरी पैकेज योजना का उद्देश्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उनके आश्रित परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि परिवार विपरीत परिस्थितियों में भी सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सके और भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सके।। आर्थिक सहायता मिलने पर दिवंगत आरक्षक की पत्नी पूनम पाण्डेय ने छत्तीसगढ़ शासन, गृह एवं पुलिस विभाग तथा भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस प्रशासन के द्वारा दिए जाने वाला यह सहायता राशि केवल एक करोड़ रुपये का चेक नहीं, बल्कि उस परिवार के भविष्य को संभालने की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसने अपने प्रिय सदस्य को खोने का असहनीय दर्द झेला है। पुलिस परिवार के प्रति विभाग की यह संवेदनशीलता और आर्थिक सुरक्षा की पहल निश्चित रूप से सराहनीय है।



