अंबिकापुर, 31 अगस्त 2026।
टेट उत्तीर्ण सहायक शिक्षकों एवं शिक्षकों की लंबित पदोन्नति प्रक्रिया में हो रहे अनावश्यक विलंब को लेकर टेट उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ, छत्तीसगढ़ ने कड़ा असंतोष व्यक्त किया है।
संघ द्वारा संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग, सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर संभाग अंतर्गत जारी पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने, अंतिम वरिष्ठता सूची तत्काल प्रकाशित करने, गोपनीय चरित्रावली (CR) एवं चल-अचल संपत्ति विवरण जमा कराने तथा विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक शीघ्र आयोजित करने की मांग की गई है।

संघ ने कहा कि पूर्व में विभिन्न अवसरों पर विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन एवं पत्रों के माध्यम से पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया जा चुका है। दिनांक 24 अगस्त 2026 को प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई चर्चा में यह आश्वासन दिया गया था कि 31 अगस्त 2026 तक विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक आयोजित कर ली जाएगी। किंतु निर्धारित समय तक अंतिम वरिष्ठता सूची का विधिवत प्रकाशन नहीं होने से पूरी पदोन्नति प्रक्रिया अधर में है।
संघ के अनुसार कुछ विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों द्वारा आवश्यक सेवा अभिलेख एवं अन्य जानकारी समय पर उपलब्ध कराने में उदासीनता बरती जा रही है, जिसके कारण पात्र एवं निष्ठावान शिक्षकों को पदोन्नति के लिए अनावश्यक रूप से प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।
संघ की प्रमुख मांगें
संघ ने प्रशासन से निम्नलिखित मांगें की हैं—
सभी आपत्तियों का शीघ्र निराकरण कर अंतिम वरिष्ठता सूची तत्काल सार्वजनिक की जाए।
जानकारी भेजने में जानबूझकर विलंब करने वाले संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
पात्र शिक्षकों को CR एवं चल-अचल संपत्ति विवरण जमा करने हेतु तीन दिवस का अंतिम अवसर प्रदान किया जाए।
विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक तत्काल आयोजित कर पदोन्नति आदेश जारी किए जाएं।
पूरी पदोन्नति प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए तथा पात्र शिक्षकों के न्यायोचित अधिकारों का संरक्षण किया जाए।
संघ ने स्पष्ट किया है कि पदोन्नति पात्र शिक्षकों का वैधानिक एवं न्यायोचित अधिकार है तथा अनावश्यक प्रशासनिक विलंब के कारण उन्हें लंबे समय तक वंचित रखना उचित नहीं है।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन को संभाग स्तर पर आंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। ऐसी स्थिति में शैक्षणिक कार्य प्रभावित होने पर उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभागीय कार्यालय की होगी।
टेट उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ, छत्तीसगढ़ ने संभागीय प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने की मांग की है।
जारीकर्ता:
टेट उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ, छत्तीसगढ़
राकेश मिश्रा
प्रदेश अध्यक्ष



