होनहार विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह, कहा—अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और नेतृत्व के संस्कार ही देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव,,,
*दैनिक छत्तीसगढ़ राजधानी रिपोर्टर/सौरभ साहू कि रिपोर्ट,,*
दिनांक,01/09/2026,
लोकेशन, अम्बिकापुर जिला सरगुजा छत्तीसगढ़।।
सरगुजा/अंबिकापुर, सैनिक स्कूल के 18वें स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने विद्यालय के होनहार विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा स्थापना दिवस के अवसर पर समस्त विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सैनिक स्कूल देश के भावी कर्णधारों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और देशसेवा की भावना के संस्कार दिए जाते हैं। यही गुण विद्यार्थियों को भविष्य में जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके युवा होते हैं। यदि युवाओं को बेहतर शिक्षा के साथ अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना मिले तो वे देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सैनिक स्कूल इसी उद्देश्य को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
*विद्यार्थियों की प्रतिभा को सराहा*
कैबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने विद्यालय के विद्यार्थियों की प्रतिभा और उनके अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि सैनिक स्कूल के विद्यार्थी शिक्षा के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, नेतृत्व एवं अन्य क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए प्रतिभा के साथ अनुशासन, मेहनत और निरंतर प्रयास आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ना चाहिए और देश तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए।
*विद्यालय परिवार को दी शुभकामनाएं*
18वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने सैनिक स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों में विद्यालय ने शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सैनिक स्कूल आने वाले वर्षों में भी ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को तैयार करता रहेगा, जो देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देकर अंबिकापुर और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।
*गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुआ समारोह*
कार्यक्रम में सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, कलेक्टर अजीत बसंत एवं सैनिक स्कूल के प्राचार्य कर्नल राजेश बेंदा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, शिक्षकगण, विद्यार्थी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।। स्थापना दिवस समारोह में विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने भी इस अवसर को गौरव और उत्साह के साथ मनाया।



