सरगुजा की बेटियां दिखाएंगी बास्केटबॉल में दम, संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय की टीम त्रिपुरा रवाना
अम्बिकापुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा अम्बिकापुर की महिला बास्केटबॉल टीम अंतरविश्वविद्यालयीन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए त्रिपुरा रवाना हो गई है। ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 11 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक त्रिपुरा विश्वविद्यालय में किया जा रहा है।
इस प्रतियोगिता के लिए संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय की टीम में सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ की 12 महिला खिलाड़ियों का चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में साक्षी तिर्की, प्रीति मिंज, सुष्मिता चौहान, रिमझिम मिश्रा, संशिता एक्का, हिमांशी सिंह, आकांक्षा किस्पोट्टा, श्रेया दास, रिबिका लकड़ा, प्रिया जायसवाल, कुमकुम पैकरा एवं सोनाली तिर्की शामिल हैं।
इस प्रतियोगिता के लिए के. आर. टेक्निकल कॉलेज के क्रीड़ाधिकारी रजत सिंह को टीम कोच तथा होली क्रॉस कॉलेज की क्रीड़ाधिकारी राधा खलखो को टीम मैनेजर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रीय कोच श्री राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय की महिला बास्केटबॉल टीम ने ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया था और ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया था। इस वर्ष भी टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि सभी खिलाड़ी गांधी स्टेडियम, अम्बिकापुर में नियमित रूप से अभ्यास करती हैं और प्रतियोगिता के लिए लगातार मेहनत कर रही हैं।
वहीं समाजसेवी एवं वरिष्ठ खिलाड़ी संजय अग्रवाल ने विश्वविद्यालय की टीम में चयनित सभी महिला खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि सरगुजा जिले के लिए गौरव का विषय है। खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय एवं सरगुजा जिले का नाम रोशन करेगी।
चयनित खिलाड़ियों को सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के निशांत सिंह गोल्डी, के.पी. सिंह, गौरव सिंह, सौरभ सिन्हा सहित के.आर. टेक्निकल कॉलेज एवं संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय परिवार ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।



