अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल के तत्वावधान में आगामी 29 नवंबर 2026, रविवार को प्रातः 10 बजे अंबिकापुर के होटल हरि मंगलम में फार्मासिस्टों की विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
इसी तारतम्य में आज माननीय श्री राजेश अग्रवाल जी मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति तथा धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग, छत्तीसगढ़ शासन से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने एवं कार्यक्रम का शुभारंभ करने हेतु आमंत्रण पत्र भेंट किया गया।
इस अवसर पर सरगुजा औषधि विक्रेता संघ के संरक्षक श्री रविन्द्र प्रताप सिंह टुटेजा,श्री विजय अग्रवाल, अध्यक्ष श्री अमित (मिंटू)अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष श्री नरेन्द्र कुमार विश्वकर्मा (भानु) उपस्थित रहे।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य फार्मासिस्टों के व्यावसायिक कौशल को विकसित करना,उनके ज्ञान में वृद्धि करना तथा फार्मेसी क्षेत्र में लागू नवीनतम नियमों एवं प्रावधानों की जानकारी प्रदान करना है, ताकि फार्मासिस्ट अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
इस कार्यशाला में छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष श्री अरुण मिश्रा,रजिस्ट्रार श्री अश्विन गुर्देकर एवं काउंसिल के सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन (CCDA) के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश शर्मा सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम के मुख्य आयोजक छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल एवं सह आयोजक सरगुजा जिला औषधि विक्रेता संघ, अंबिकापुर हैं।
आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि माननीय मंत्री श्री राजेश अग्रवाल जी की गरिमामयी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन से फार्मासिस्ट समुदाय को नई ऊर्जा, प्रेरणा एवं प्रोत्साहन मिलेगा।यह कार्यशाला फार्मेसी क्षेत्र में ज्ञान, कौशल और व्यावसायिक दक्षता को बढ़ावा देने के साथ-साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।



