अंबिकापुर, सरगुजा (छत्तीसगढ़)। विकासखंड मैनपाट के ग्राम पंचायत करमहा अंतर्गत संचालित शासकीय प्राथमिक शाला नरकट में विद्यार्थियों को आज भी पक्के स्कूल भवन की सुविधा नहीं मिल पाई है। विद्यालय में वर्तमान में लगभग 17 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन स्कूल का संचालन घास-फूस एवं कच्चे ढांचे से बनी झोपड़ी में किया जा रहा है। विद्यालय की इस स्थिति को देखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता परवेज आलम गांधी ने जिला कलेक्टर, सरगुजा से नए पक्के स्कूल भवन के निर्माण की मांग की है।

सामाजिक कार्यकर्ता परवेज आलम गांधी ने कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में बताया कि विद्यालय की स्थापना एवं संचालन को लगभग 29 वर्ष बीत चुके हैं, इसके बावजूद आज तक विद्यालय को पक्का भवन उपलब्ध नहीं हो सका है। यह विद्यालय क्षेत्र के बच्चों को प्राथमिक शिक्षा प्रदान करने का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां माड़िया-मझवार जाति सहित अन्य ग्रामीण परिवारों के बच्चे शिक्षा प्राप्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में विद्यालय भवन की जर्जर एवं असुरक्षित स्थिति के कारण बच्चों की सुरक्षा, नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रभावित हो रही है। बरसात के मौसम में छत से पानी टपकने, गर्मी में अत्यधिक तापमान तथा ठंड के मौसम में बच्चों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय तक पहुंचने के लिए बच्चों को पहाड़ी एवं कच्चे रास्तों की कठिनाइयों से गुजरना पड़ता है। इसके बावजूद बच्चे शिक्षा प्राप्त करने के लिए विद्यालय पहुंचते हैं। ऐसे में बच्चों को सुरक्षित एवं सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
परवेज आलम गांधी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शासकीय प्राथमिक शाला नरकट की वर्तमान स्थिति का संबंधित विभाग से स्थलीय निरीक्षण कराया जाए तथा आवश्यक तकनीकी परीक्षण के बाद विद्यालय के लिए नए पक्के भवन के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और ग्रामीण एवं आदिवासी बहुल क्षेत्रों के बच्चों को भी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलनी चाहिए। विद्यालय में पक्के भवन का निर्माण होने से विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा तथा उनकी शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
उन्होंने जिला प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।
जारीकर्ता:
परवेज आलम गांधी
सामाजिक कार्यकर्ता
सदर रोड, अंबिकापुर, जिला सरगुजा (छत्तीसगढ़)
संपर्क: 9424259786



