चिरमिरी। देश में कथित वोट चोरी, मतदाता सूची से लगभग 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे जाने के आरोप तथा चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों के विरोध में आज शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चिरमिरी द्वारा पदयात्रा एवं विरोध प्रदर्शन किया गया।

यह पदयात्रा बड़ा बाजार स्थित दुर्गा पंडाल से प्रारंभ होकर एसडीएम कार्यालय तक पहुंची, जहां कांग्रेसजनों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पार्टी के सदस्य उपस्थित रहे। कांग्रेसजनों ने लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए जोरदार विरोध दर्ज कराया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की आत्मा है। मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट चोरी से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई देश के सामने लाई जानी चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के मत की गरिमा और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना सरकार एवं चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पार्टी जनहित के मुद्दों पर अपना संघर्ष लगातार जारी रखेगी।
जारीकर्ता:
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, चिरमिरी
जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, छत्तीसगढ़



