*शिक्षिका ने बच्चों को कराया न्योता भोजन, विद्यार्थियों के साथ खुशियां साझा कर जताया स्नेह*
*सूरजपुर/04 नवंबर 2026/* मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल से प्रदेश में संचालित न्योता भोजन कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालयों में जनभागीदारी एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा मिल रहा है। इसी कड़ी में जिले के विद्यालयों में शिक्षकों द्वारा विशेष अवसरों पर विद्यार्थियों को न्योता भोजन कराया गया।
विकासखंड रामानुजनगर के शासकीय प्राथमिक शाला खालपारा में शिक्षिका श्रीमती उर्मिला सिंह ने बच्चों के लिए न्योता भोज की व्यवस्था की। शिक्षिका श्रीमती उर्मिला सिंह ने कहा, जिन बच्चों के कारण मुझे शासन से वेतन मिलता रहा उनके लिए में कुछ विशेष कर पाई, इसकी मुझे खुशी है। उन्होंने कहा कि शासन की न्योता भोजन एक सराहनीय एवं अभिनव पहल है। इसके माध्यम से हम अपने विशेष अवसरों की खुशियां ऐसे बच्चों के साथ साझा कर पाते हैं, इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं अतिरिक्त भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही विद्यालय एवं समुदाय के बीच सहभागिता की भावना को मजबूत किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर शुरू किया गया न्योता भोजन के कार्यक्रम से लोग लगातार जुड़ते जा रहे हैं। जिले के स्कूलों में विभिन्न समुदाय के लोगों, शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग से न्योता भोजन का आयोजन किया जा रहा है।



