जिला प्रभारी गोपाल साहू ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और बूथ स्तर तक अभियान पहुंचाने का किया आह्वान, वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को दिए दिशा-निर्देश
अम्बिकापुर।
भाजपा संगठन जिला सरगुजा द्वारा लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला संगठन प्रभारी गोपाल साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांसद चिंतामणि महाराज, जिला सह प्रभारी सुनील गुप्ता, विधायक प्रबोध मिंज, विधायक रामकुमार टोप्पो, पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, महापौर मंजूषा भगत एवं जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह का आतिथ्य रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने की।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी गोपाल साहू ने संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व प्रत्येक कार्यकर्ता और पदाधिकारी के कार्यों पर नजर रखता है। इसलिए सभी कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। बूथ स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में अधिकतम कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार भ्रामक और नकारात्मक नैरेटिव फैलाने का प्रयास कर रही है। विपक्ष द्वारा प्रधानमंत्री के विरुद्ध की जा रही टिप्पणियों और नकारात्मक प्रचार के तथ्यों को जनता के सामने रखना आवश्यक है।
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान की आवश्यकता क्यों पड़ी, इसे समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण से लेकर देशहित के अनेक विषयों पर विपक्ष ने विरोध का रास्ता अपनाया है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। पहाड़ी कोरवा जैसे विशेष पिछड़ी जनजातीय समुदायों तक भी शासन की योजनाएं पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि देश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याणकारी कार्यों को लेकर विपक्ष की आलोचनाओं के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं को सरकार के कार्यों एवं योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचानी चाहिए।
जिला सह प्रभारी सुनील गुप्ता ने बूथ स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित करने और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच सक्रिय रहकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे नैरेटिव का तथ्यों के साथ जवाब दें तथा अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाएं।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने एसआईआर को लेकर कहा कि उनके अनुसार इस प्रक्रिया में किसी भी पात्र नागरिक का नाम नहीं काटा गया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और व्यवस्थित बनाने की प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस द्वारा सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उससे जुड़े विचारधारा वाले लोग सोशल मीडिया के माध्यम से नकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले देश और प्रदेश में नक्सली हिंसा, सड़कों का अभाव, पेयजल संकट और बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसी अनेक चुनौतियां थीं। आज इन विषयों पर हुए विकास कार्यों की जानकारी नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर अभियान की जानकारी दें तथा युवाओं और विद्यार्थियों को देश के इतिहास एवं वर्तमान विकास की वास्तविकताओं से अवगत कराएं।
विधायक प्रबोध मिंज ने अभियान की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध के नाम पर अराजकता फैलाने के प्रयासों को लेकर भाजपा जनता के बीच जागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल युवाओं, विशेषकर जेन-जी को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों और फैलाए जा रहे भ्रम का तथ्यों के आधार पर जवाब देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ता भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और घर-घर पहुंचकर जनता को अभियान की जानकारी देंगे। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों एवं अभियान की गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि विपक्ष द्वारा युवाओं को विभिन्न मुद्दों पर गुमराह कर अराजकता का माहौल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विदेशी फंडिंग और युवाओं को भ्रमित करने से संबंधित आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे विषयों की निष्पक्ष जांच और तथ्यों को जनता के सामने रखना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के माध्यम से जनता के बीच पहुंचकर जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री विनोद हर्ष एवं अरुणा सिंह ने किया। आभार प्रदर्शन महापौर मंजूषा भगत ने किया।
इस अवसर पर भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



