दीपों की रोशनी से जगमगाए घाट, हजारों श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य; मंत्री ने की प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना, लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का दिखा अद्भुत संगम,,,
राजधानी रिपोर्टर/सौरभ साहू कि विशेष रिपोर्ट,,,
दिनांक 16/11/2026
लोकेशन, अम्बिकापुर जिला सरगुजा छत्तीसगढ़।।
सरगुजा/अंबिकापुर, दिनांक 16 नवंबर 2026 को लोक आस्था, सूर्य उपासना, त्याग, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व छठ पूजा अंबिकापुर में पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। रविवार को शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के 13 छठ घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शंकर घाट, घुनघुट्टा नदी घाट, पैलेस घाट सहित विभिन्न पूजा स्थलों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। घाटों पर सुबह से ही तैयारियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम होते-होते पूरा वातावरण छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक लोकगीतों से भक्तिमय हो उठा। इस पावन अवसर पर प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल भी अंबिकापुर के शंकर घाट एवं मेंढ़्राकला स्थित घुनघुट्टा नदी तट पर आयोजित छठ पूजा कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया तथा छठी मैया की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने व्रतधारियों एवं आयोजन समितियों से मुलाकात कर छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
*दीपों की रोशनी से जगमगाए घाट, छठ गीतों ने बांधा समां*
छठ महापर्व के अवसर पर अंबिकापुर के प्रमुख घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शंकर घाट पर महामाया छठ सेवा समिति द्वारा पूरे घाट परिसर को दीपों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिससे नदी तट का नजारा बेहद मनमोहक दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा की और सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। वहीं मेंढ़्राकला स्थित घुनघुट्टा नदी तट पर छठ सेवा समिति द्वारा विशेष आयोजन के साथ गंगा आरती की गई। आरती के दौरान श्रद्धालुओं की उपस्थिति और दीपों की जगमगाहट ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। शहर के विभिन्न छठ घाटों पर पारंपरिक छठ गीतों की मधुर गूंज सुनाई देती रही। व्रतधारी महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा की सामग्री, फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद से सजे सूप लेकर घाटों पर पहुंचीं। परिवार के सदस्यों और परिजनों ने भी पूरे उत्साह के साथ पर्व में सहभागिता निभाई। शंकर घाट एवं खर्रा घाट में रात्रि जागरण की व्यवस्था भी की गई थी। श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक उत्सव की गरिमा बनाए रखने के लिए आयोजन समितियों द्वारा विभिन्न व्यवस्थाएं की गईं।
*छठ हमारी संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक : राजेश अग्रवाल*
इस अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का अत्यंत पवित्र एवं विशिष्ट पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, स्वच्छता, अनुशासन, त्याग, तपस्या और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना के माध्यम से मानव जीवन में प्रकृति के महत्व और उसके संरक्षण का भाव मजबूत होता है। कठिन व्रत और पूरी निष्ठा के साथ इस पर्व को मनाने वाले व्रतियों का समर्पण भारतीय संस्कृति की अनूठी पहचान है।
उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व समाज के सभी वर्गों को एक साथ जोड़ने का कार्य करते हैं। छठ पूजा में जाति, वर्ग और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर लोग एकजुट होते हैं और सामूहिक रूप से धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हैं। उन्होंने सभी व्रतियों, श्रद्धालुओं और आयोजन समितियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की निरंतर प्रगति और सभी के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।
*छठ घाटों के निरीक्षण के साथ व्यवस्थाओं पर दिया था जोर*
गौरतलब है कि छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर मंत्री राजेश अग्रवाल ने 13 नवंबर को अंबिकापुर के शंकर घाट, महामाया घाट और गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट का निरीक्षण भी किया था। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को लेकर जानकारी ली थी। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
*धार्मिक पर्यटन और लोक संस्कृति को मिलती है नई पहचान, मंत्री राजेश अग्रवाल*
इस दौरान कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि अंबिकापुर सहित सरगुजा संभाग में छठ महापर्व का आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक समरसता का भी परिचायक है। नदी, तालाब और जलाशयों के किनारे आयोजित होने वाले ऐसे पारंपरिक पर्व स्थानीय धार्मिक स्थलों को विशेष पहचान दिलाते हैं। पर्यटन और संस्कृति की दृष्टि से भी इन आयोजनों का अपना महत्व है। इनके माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं, लोकगीतों, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।
छठ महापर्व के दौरान अंबिकापुर के 13 घाटों पर दिखाई दिया उत्साह, श्रद्धा और सामूहिक सहभागिता का दृश्य शहर की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करता नजर आया। दीपों से जगमगाते घाट, सूर्यदेव की आराधना, छठी मैया के जयकारे और लोकगीतों की गूंज ने एक बार फिर साबित किया कि हमारी परंपराएं केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में बांधने वाली सांस्कृतिक धरोहर हैं।।



