05 सितंबर को अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में होगा आयोजन
अंबिकापुर। खेलो इंडिया एवं भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के तत्वावधान में अस्मिता वूमेंस लीग सॉफ्ट टेनिस 2026 का आयोजन 05 सितंबर 2026 को अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम स्थित लॉन टेनिस ग्राउंड में किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 9:00 बजे से होगा। सरगुजा जिले में सॉफ्ट टेनिस खेल को बढ़ावा देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक आयोजन माना जा रहा है।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि सरगुजा जिले में पहली बार इतने बड़े स्तर पर सॉफ्ट टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्मिता खेलो इंडिया वूमेंस लीग में जिले की 200 से अधिक बालिका खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है, जो इस खेल के प्रति खिलाड़ियों के बढ़ते उत्साह को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विशेष रूप से आमंत्रित पर्यवेक्षक के रूप में रवि शंकर धनगर एवं दिलीप कुमार विश्वकर्मा उपस्थित रहेंगे। वहीं राष्ट्रीय पदक विजेता कु. चंचल सारथी एवं कु. पूर्णिमा प्रतिकार भी प्रतियोगिता में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगी।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि सरगुजा में इस तरह के बड़े खेल आयोजनों से सॉफ्ट टेनिस खेल के प्रचार-प्रसार को गति मिलेगी। साथ ही जिले के बालक-बालिका खिलाड़ियों में इस खेल के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा। ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा तथा आने वाले समय में सरगुजा के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने जिले के खेलप्रेमियों एवं आम नागरिकों से प्रतियोगिता में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।



