चंदरपुर से लेकर भैयाथान रोड तक पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश, इंजेक्शन बेचने वाले विक्रेता और सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा; एसपी योगेश कुमार पटेल के सख्त निर्देश पर कार्रवाई,,,
राजधानी रिपोर्टर / सौरभ साहू कि रिपोर्ट,,,
दिनांक – 18 नवंबर 2026
लोकेशन – सूरजपुर, छत्तीसगढ़।
सूरजपुर, दिनांक 18 नवंबर 2026 जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के सौदागरों पर करारा प्रहार किया है। थाना सूरजपुर पुलिस ने 17 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर नशीली इंजेक्शन की अवैध बिक्री और सप्लाई में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 196 नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब 82 हजार रुपये बताई गई है। लगातार दो बड़ी कार्रवाइयों से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) द्वारा जिले में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत थाना सूरजपुर पुलिस लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय कर नशे के कारोबारियों पर नजर बनाए हुए है।
*पहली कार्रवाई: चंदरपुर में विक्रेता समेत तीन आरोपी गिरफ्तार*
17 नवंबर को थाना सूरजपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चंदरपुर निवासी नंदकेश्वर साहू अपने घर में अवैध रूप से नशीली इंजेक्शन रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मकान की विधिवत तलाशी ली। इस दौरान आरोपी नंदकेश्वर साहू के कब्जे से एविल इंजेक्शन 15 नग, आईपीपीएल इंजेक्शन 6 नग और रेक्सोजेसिक इंजेक्शन 8 नग, कुल 29 इंजेक्शन बरामद किए गए। इनकी बाजार कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में नंदकेश्वर साहू ने पुलिस को बताया कि वह उक्त इंजेक्शन रहमान निवासी देवनगर और ममसाद अली उर्फ गुड्डा निवासी रामानुजनगर से खरीदकर लाया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों संदिग्ध सप्लायरों के ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) एवं 29(1) के तहत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
*दूसरी कार्रवाई: भैयाथान रोड पर 67 हजार की नशीली इंजेक्शन बरामद*
इसी दिन पुलिस को दूसरी बड़ी सफलता तब मिली, जब मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि भैयाथान रोड निवासी संतोष साहू उर्फ मोनू अपने घर में नशीली इंजेक्शन रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिवत मकान की तलाशी ली। इस दौरान आरोपी संतोष साहू उर्फ मोनू के कब्जे से एविल इंजेक्शन 33 नग और आईपीपीएल इंजेक्शन 100 नग, कुल 133 इंजेक्शन बरामद किए गए। जब्त इंजेक्शनों की बाजार कीमत करीब 67 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) एवं 29(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
*चार आरोपी गिरफ्तार, 196 इंजेक्शन जब्त*
*दोनों कार्रवाइयों का कुल विवरण इस प्रकार है:*
– कुल गिरफ्तार आरोपी – 4
– कुल जब्त नशीली इंजेक्शन – 196 नग
– पहली कार्रवाई में जब्ती – 29 नग
– दूसरी कार्रवाई में जब्ती – 133 नग
– कुल अनुमानित बाजार कीमत – 82 हजार रुपये
*एसपी के निर्देश पर पुलिस की सख्ती जारी*
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सूरजपुर प्रहलाद यादव सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही। पहली कार्रवाई में पीएसआई नागेश कुमार, रूचि रजक, आरक्षक परमेश्वर राजवाड़े एवं रामेश्वर जगनायक शामिल रहे। वहीं दूसरी कार्रवाई में पीएसआई पप्पू यादव, प्रधान आरक्षक बृजकिशोर धुर्वा, आरक्षक राजू एक्का, चंदकुमार साहू, रविराज पाण्डेय एवं महिला आरक्षक पिंकी सोनवानी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
*नशे के अवैध कारोबारियों को पुलिस का स्पष्ट संदेश*
सूरजपुर पुलिस की इन दो बड़ी कार्रवाइयों ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और सप्लाई करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर पुलिस का मुखबिर तंत्र सक्रिय है और अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
नशे के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई युवाओं को नशे के दलदल से बचाने और समाज में सुरक्षित वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



