युवा एकता मंच ने किया आत्मीय स्वागत, सहयोग के लिए जताया आभार; सौरभ अग्रवाल ने नवरात्रि पर एकता, भाईचारे और धर्म के मार्ग पर चलने का दिया संदेश,,
संवाददाता, सौरभ साहू
दिनांक,19/10/2026
लखनपुर/नावापारा, जिला सरगुजा, छत्तीसगढ़।
नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर पंचायत लखनपुर के नावापारा स्थित युवा एकता मंच सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के मां दुर्गा दरबार में सरगुजा के भाजपा युवा नेता सौरभ अग्रवाल पहुंचे। उन्होंने मां दुर्गा के चरणों में माथा टेककर पूजा-अर्चना की तथा सरगुजा जिले सहित समस्त छत्तीसगढ़वासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने नगरवासियों को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और सकारात्मकता बनाए रखने की प्रार्थना की।
समिति के आयोजनकर्ता एवं युवा एकता मंच के संरक्षक अभय वर्मा (विशाल) ने सौरभ अग्रवाल का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर सौरभ अग्रवाल द्वारा समिति को सहयोग राशि प्रदान कर आयोजन में योगदान देने पर समिति की ओर से उनका हृदय से आभार व्यक्त किया गया। समिति के सदस्यों ने कहा कि ऐसे सहयोग से धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहन मिलता है तथा समाज में आपसी सहभागिता और एकजुटता की भावना मजबूत होती है।
इस अवसर पर सौरभ अग्रवाल ने नवरात्रि पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां दुर्गा की आराधना हमें शक्ति, साहस, सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। नवरात्रि केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश भी है। यह पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि समाज की धार्मिक आस्था, परंपराओं और भावनाओं का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। सनातन संस्कृति के सकारात्मक मूल्यों को अपनाते हुए सत्य, सेवा, सद्भाव और आपसी सम्मान के साथ समाज को मजबूत बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। किसी भी परिस्थिति में संयम, कानून और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखते हुए सामाजिक एकता बनाए रखना आवश्यक है।
नावापारा में आयोजित दुर्गा पूजा के इस पावन अवसर पर श्रद्धा, सहयोग और सामाजिक सहभागिता का संदेश देखने को मिला। समिति ने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना करते हुए सौरभ अग्रवाल के प्रति पुनः आभार व्यक्त किया।।



