सरगुजा से राष्ट्रीय स्तर तक का लक्ष्य, नेटबॉल खिलाड़ियों की तैयारी शुरू
अम्बिकापुर। नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन सरगुजा द्वारा आज गांधी स्टेडियम बास्केटबॉल ग्राउंड, अम्बिकापुर में राष्ट्रीय नेटबॉल चैंपियनशिप 2026-27 की तैयारी के लिए प्रारंभिक चयन ट्रायल आयोजित किया गया। इसमें सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर एवं कोरिया क्षेत्र के कुल 63 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा एवं कौशल का प्रदर्शन किया।
यह चयन प्रक्रिया प्रदेश के सात जोनों में आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। चयनित खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों के लिए 14 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक प्रथम प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में खिलाड़ियों को खेल तकनीक, फिटनेस, अनुशासन एवं टीम भावना का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को खेल विभाग द्वारा नियमानुसार डाइट मनी प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इससे खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहन मिलता है।
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन सरगुजा के सचिव रजत सिंह ने बताया कि जिले एवं आसपास के क्षेत्रों में नेटबॉल के प्रति खिलाड़ियों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। चयन ट्रायल में पांच क्षेत्रों के 63 खिलाड़ियों की भागीदारी इस खेल के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाती है। संघ द्वारा नियमित अभ्यास, प्रशिक्षण शिविर एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय नेटबॉल चैंपियनशिप 2026-27 के अंतर्गत खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। इनमें 44वीं सीनियर राष्ट्रीय नेटबॉल चैंपियनशिप (महिला वर्ग), तीसरी सीनियर राष्ट्रीय मिक्स्ड नेटबॉल चैंपियनशिप तथा वर्ष 2027 के राष्ट्रीय खेल प्रमुख हैं। संघ का लक्ष्य सरगुजा संभाग के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर प्रदेश संघ के उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह, सरगुजा नेटबॉल संघ के सचिव रजत सिंह, राष्ट्रीय खिलाड़ी खुशबू गुप्ता सहित संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।



