जशपुर/बगीचा। जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के तहत समुदाय की सहभागिता बढ़ाने और मातृ एवं बाल पोषण के प्रति जागरूकता मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में विकासखंड बगीचा अंतर्गत ग्राम पंचायत घोघर के हाथामहुआ आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में ‘मेरी आंगनबाड़ी, मेरी जिम्मेदारी’ विषय पर चर्चा करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में समुदाय की भूमिका और सहभागिता पर जोर दिया गया। उपस्थित महिलाओं एवं समुदाय के सदस्यों को बच्चों एवं माताओं के बेहतर पोषण के लिए संतुलित आहार, पोषण संबंधी आदतों तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का उपयोग स्वयं एवं बच्चों के पोषण पर करने वाली माताओं को ‘पोषण शक्ति सम्मान’ प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। साथ ही उपस्थित महिलाओं एवं समुदाय के सदस्यों द्वारा पोषण प्रतिज्ञा भी ली गई।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही। सरपंच, उपसरपंच, बीडीसी, पंचगण एवं वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति में न्योता भोज का भी आयोजन किया गया। इस दौरान 3 से 6 वर्ष के बच्चों, 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका को दोपहर का गर्म भोजन कराया गया। भोजन में पपीता, केला, खीर एवं पूरी सहित विभिन्न पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल रही।
कार्यक्रम का संचालन सेक्टर सुपरवाइजर मनोरमा टोप्पो द्वारा किया गया। उन्होंने शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी उपस्थित लोगों को दी।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा बेहतर सहभागिता एवं पोषण संबंधी पहल करने वाले हितग्राहियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।
गौरतलब है कि आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन 25 सितम्बर से 6 अक्टूबर 2026 तक जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में निरंतर किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से समुदाय की भागीदारी बढ़ाना तथा मातृ एवं बाल पोषण के प्रति जागरूकता को और मजबूत करना है।



