शिक्षक सदन की ऐतिहासिक घोषणा पर विधायक रामकुमार टोप्पो का शिक्षकों ने जताया आभार
विधायक बोले—“शिक्षकों की आवश्यकता और पसंद के अनुसार बनेगा शिक्षक सदन”; पांच सूत्रीय मांगों पर मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से चर्चा का दिया आश्वासन
सीतापुर। शिक्षक सदन की ऐतिहासिक घोषणा के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने जिला संयोजक कमलेश सिंह के नेतृत्व में सीतापुर विधानसभा के विधायक माननीय श्री रामकुमार टोप्पो जी से मुलाकात कर उनका भावभीना आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक महोदय को शिक्षकों की ओर से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए शिक्षक सदन के निर्माण की घोषणा को शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक पहल बताया।
इस अवसर पर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो जी ने शिक्षकों की भावनाओं का स्वागत करते हुए शिक्षक सदन के निर्माण को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों से कहा कि शिक्षक अपनी आवश्यकता और पसंद के अनुसार दो दिवस के भीतर शिक्षक सदन का नक्शा तैयार कर उपलब्ध कराएं तथा इसके लिए उपयुक्त स्थान का चिन्हांकन भी स्वयं करें।
विधायक महोदय ने आश्वस्त किया कि शिक्षकों द्वारा तैयार नक्शा प्राप्त होते ही अगले दिन आवश्यक राशि स्वीकृत करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर देते हुए इच्छा व्यक्त की कि आगामी शिक्षक दिवस तक नवनिर्मित शिक्षक सदन का भव्य लोकार्पण किया जा सके।
बजट की नहीं होगी कमी
शिक्षकों के हित में अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए विधायक श्री टोप्पो ने कहा कि यदि तैयार किए गए नक्शे के अनुसार स्वीकृत राशि कम पड़ती है तो आवश्यकता के अनुरूप राशि 10 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये तक की जा सकती है। विधायक की इस संवेदनशीलता एवं घोषणा का उपस्थित शिक्षकों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
मुलाकात के दौरान शिक्षक एल.बी. संवर्ग के साझा मंच छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा की ओर से शिक्षकों की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने मांगों पर विधायक महोदय से विस्तारपूर्वक चर्चा की।
प्रमुख मांगों में—
1. 17 अगस्त 2012 तक नियुक्त प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल के शिक्षकों को TET की बाध्यता से मुक्त करते हुए विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर उनकी सेवा सुरक्षित करना।
2. शिक्षक एल.बी. संवर्ग की पंचायत संवर्ग में प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना करते हुए पूर्ण पुरानी पेंशन सहित शिक्षा विभाग में लागू समस्त लाभ प्रदान करना।
3. शिक्षक संवर्ग की वेतन विसंगति दूर करने के लिए केंद्रीय वेतनमान लागू करना।
4. 13 फरवरी 2026 के राजपत्र में शिक्षक हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक संशोधन करना।
5. D.Ed. प्रशिक्षित शिक्षकों के लिए B.Ed. ब्रिज कोर्स की व्यवस्था करना।
विधायक श्री रामकुमार टोप्पो जी ने शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि शिक्षकों की इन मांगों को मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा।
इस अवसर पर जिला संचालक कमलेश सिंह, रोहिताश शर्मा, काजेश घोष, रामबिहारी गुप्ता, सुशील मिश्रा, अमित सोनी, राकेश दुबे, विक्रम सिंह, संतोष सिंह, अनिता तिवारी, रचना सोनी, सविता बरई, प्रतिमा नामदेव, नीलम सोनी, नीलेन्द्रिका पैंकरा, विनोद यादव, विशाल गुप्ता, मेहताब आलम, केश्वर यादव, मोजस्सम खान, महेश यादव, सुनील तिवारी, सत्यप्रकाश गुप्ता, राजकुमार सिंह, विश्वास चंद्रा, राकेश गुप्ता, बनमाली पटेल, रवि गुप्ता, सेराज खान, अनिल प्रधान, अजय गुप्ता, गणेश यादव, प्रद्युम्न आप्टे, पवन गुप्ता सहित सीतापुर, अंबिकापुर, बतौली एवं मैनपाट क्षेत्र के सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।



