कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष गुरुप्रीत सिंह सिद्धू एवं उनकी पत्नी पर जानलेवा हमले में निष्पक्ष जांच की मांग और हमले में संदेह के दायरे में मौजूद लोगों का नाम FIR में जोड़ने की मांग के साथ कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल आज सोमवार को जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक सरगुजा से मिल उन्हें ज्ञापन सौंपा। उल्लेखनीय है कि 29 अगस्त की रात कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष गुरुप्रीत सिह सिद्धु के घर घुसकर उनके एवं उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई। इस जानलेवा हमले में घायल गुरुप्रीत सिंह सिद्धू का इलाज रायपुर में डी के एस सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में भर्ती रखकर हो रहा है। गुरुप्रीत सिंह सिद्धू ने आरोप लगाया है कि इस हमले के पीछे भाजपा नेता प्रकाश साहू हैं। हमले में शामिल लोग प्रकाश साहू के रिश्तेदार और व्यावसायिक भागीदार हैं। इस मामले में जो प्राथमिकी दर्ज हुआ है उसमें प्रकाश साहू का नाम जोड़ने की मांग के साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक सरगुजा को ज्ञापन सौंपा है। पुलिस अधीक्षक से चर्चा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रकाश साहू आदतन बदमाश है। इस घटना के उपरांत उसका पीड़ित पक्ष से पहले थाने पहुँचना यह बतलाता है कि उसकी जानकारी में घटना को अंजाम दिया गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने उसके पुराने अपराधों का विवरण देते हुए पुलिस अधीक्षक से उसके विरुद्ध रासुका के कार्यवाही की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक से विनती करते हुए विपक्षी की जवाबदेह राजनीति करने के लिए पुलिस संरक्षण की मांग भी की है। निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने घटना के दौरान हमलावरों से मोबाईल संपर्क में मौजूद सभी लोगों के पहचान की मांग की है ताकि इस घटना के षड्यंत्र के सूत्रधार का पता चल सके। मीडिया से चर्चा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने इस मामले के साथ ही साथ हाल ही में चर्चित उन सभी मामलों को विधानसभा में प्रश्न हेतु भेजने की बात की है, जिनमें भाजपा के लोगों की संलिप्तता है और पुलिस राजनीतिक दबाव वश कार्यवाही नहीं कर पा रही है। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल के साथ मौजूद भानुप्रताप सिंह, इरफान सिद्दकी ने भी इस मामले में कठोर कार्यवाही कर संगठित गुंडागर्दी पर लगाम लगाने ओर कानून व्यवस्था बहाल करने की मांग सरगुजा एसपी से की है। प्रतिनिधि मंडल के साथ अरविंद सिंह, हेमंत तिवारी विनय शर्मा , इंद्रजीत सिंह धंजल, विनीत विशाल जायसवाल, मैदान जायसवाल, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, आशीष वर्मा, नरेंद्र विश्वकर्मा, जमील खान, जीवन यादव, आलोक सिह, चंद्रप्रकाश सिह, रजनीश सिह, निकी खान, सतीश बारी, बल्केश्वर तिर्की, सौरभ फिलिप, अमित तिवारी राजा, आशीष जायसवाल, अविनाश कुमार, अमित सिंह, विकास शर्मा, मो इमरान, तरणराज बाबरा, शिवांशु गुप्ता, अंकित जायसवाल आदि मौजूद रहे।



